
दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर में मरीजों का नि:शुल्क होगा उपचार, मिलेगी दवाईयां, 200 डॉक्टरों के साथ 500 की रहेगी स्वास्थ्य टीम
नवभारत न्यूज
चुरहट 7 मार्च। स्वर्गीय कुंवर अर्जुन सिंह की स्मृति में गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 8 एवं 9 मार्च को सर्रा चुरहट में दो दिवसीय वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल के द्वारा किया जा रहा है।
उक्त शिविर में मरीजों का नि:शुल्क उपचार, स्वास्थ्य परीक्षण, जांच की जाएगी और मरीजों को नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया जाएगा। मरीज और मरीज के साथ आने वाले सहायक को भोजन-पानी आदि की भी व्यवस्था शिविर स्थल पर की गई है। चिरायु मेडिकल कॉलेज की करीब 200 डॉक्टरों की टीम 8 और 9 मार्च को मरीजों का उपचार करेगी। जिसमें स्त्री रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, ह्रदय रोग विशेषज्ञ, अस्थि रोग विशेषज्ञ, चर्म रोग विशेषज्ञ, किडनी विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, दंत रोग विशेषज्ञ, लकवा एवं बात रोग विशेषज्ञ आदि समस्त रोगों के विशेषज्ञ सर्रा में मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनका उपचार करेंगे। गंभीर रूप से बीमार व व्यक्तियों को भोपाल के चिरायु मेडिकल कॉलेज में भेजकर नि:शुल्क उपचार की व्यवस्था भी की गई जायेगी। उक्त शिविर में चुरहट विधानसभा क्षेत्र के अतिरिक्त जो भी मरीज आएंगे सभी का उपचार किया जाएगा।
स्वास्थ्य शिविर के आयोजन की निगरानी और व्यवस्था स्वयं पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल के द्वारा की जा रही है। मरीजों के पंजीयन और उनको संबंधित रोग विशेषज्ञ तक पहुंचाने, उनकी जांच कराने व दवाई आदि दिलवाने के लिए कार्यकर्ताओं की तैनाती की गई है ताकि किसी भी मरीज को संंबंधित डॉक्टर तक पहुंचने व दवाई प्राप्त करने में किसी भी प्रकार से कोई परेशानी न हो। मरीज के साथ एक सहायक को शिविर में आने की अनुमति मिलेगी। जिससे ज्यादा भीड़ न हो और मरीजों का अच्छे तरीके से उपचार हो सके। शिविर में मरीजों की सहायता के लिये काफी संख्या में वालेंटियर्स की तैनाती भी की गई है।
००
सुबह 8 बजे से शुरू होगा मरीजों का पंजीयन
चुरहट सर्रा में 8 व 9 मार्च को आयोजित दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर में प्रतिदिन 20 हजार मरीजों के स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की गई है। मरीजों का पंजीयन सुबह 8 बजे से ही शुरू हो जायेगा। पंजीयन के लिये अलग व्यवस्था की गई है जिससे आसानी से मरीज अपना पंजीयन करा सकें। पंजीयन के बाद संबंधित मरीज को विशेष चिकित्सक के कैम्प में भेजा जायेगा। सभी रोगों से संंबंधित डॉक्टरों का पृथक-पृथक कक्ष तैयार किया जा रहा है एवं जांच हेतु मशीनों की व्यवस्था के लिए अलग कक्ष बनाया गया है। सर्रा का पूरा स्थल मेडिकल कॉलेज की तरह बनाया जा रहा है। जहां अपने-अपने कक्ष में बैठकर संबंधित रोगों के विशेषज्ञ मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण का उपचार करेंगे। यहां आने वाले मरीजों का नि:शुल्क जांच की भी व्यवस्था की गई है एवं साधारण रोगों के ऑपरेशन की भी व्यवस्था रहेगी। चुरहट विधानसभा क्षेत्र व आसपास के लोग उपचार कराने के लिए अन्य शहरों की ओर कूच करते थे। लेकिन दो दिन हर प्रकार के रोगों का उपचार नि:शुल्क कराने के लिए चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल ने गरीब और आम जनता के लिए यह सुविधा सर्रा में ही उपलब्ध कराने का अनुकरणीय प्रयास कर रहे हैं। जिसका सीधा लाभ हजारों गरीब परिवार को मिलेगा।
००००००००००००
