पुड्डुचेरी, (वार्ता) केंद्रशासित प्रदेश पुड्डुचेरी में विधानसभा चुनाव में गुरूवार को 91.23 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। प्रदेश की कुल 30 विधानसभा सीटों के लिए 294 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है, जिनमें से 40 महिलाएं हैं।
पुडुचेरी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी. जवाहर ने आज रात मतदान के अंतिम आँकड़े जारी करते हुए बताया कि 1,099 मतदान केंद्रों पर 89.87 प्रतिशत मतदाताओं ने ईवीएम के ज़रिए अपने वोट डाले। इसके अलावा डाक मतपत्र के ज़रिए डाले गए 1.36 प्रतिशत वोटों को जोड़ने के बाद कुल मतदान का आँकड़ा बढ़कर 91.23 प्रतिशत के ऐतिहासिक स्तर पर पहुँच गया।
उन्होंने कहा कि 1964 में हुए पहले विधानसभा चुनाव से लेकर अब तक हुए चुनावों का सबसे ज़्यादा मतदान है। उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया, जिसने 2011 में बने पिछले रिकॉर्ड (85.57 प्रतिशत मतदान) को भी पीछे छोड़ दिया है।
इससे पहले, पुडुचेरी के चुनावी इतिहास में आज़ादी के बाद से अब तक 1974 में 85.33 प्रतिशत, 2006 में 85.29 प्रतिशत और 2011 में 85.57 प्रतिशत मतदान को ही सबसे ज़्यादा माना जाता था, और इन्हीं आँकड़ों ने उस समय इतिहास रचा था।
चुनाव आयोग अनुसार मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। मतदान सुबह सात बजे शुरू और शाम छह बजे समाप्त हुआ। प्रदेश में इक्का दुक्का घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
पुड्डुचेरी जिले में 90.47 प्रतिशत और कराईकल में 86.77 प्रतिशत मतदान हुआ है। केन्द्र शासित प्रदेश में सत्तारूढ़ एआईएनआरसी के संस्थापक-अध्यक्ष और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रमुख एन रंगासामी लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं। इस चुनाव में सत्तारूढ़ राजग और कांग्रेस की अगुवाई वाले इंडिया गठबंधन के बीच सीधी टक्कर हैं।
पुडुचेरी में मन्नादिपेट विधानसभा क्षेत्र के थिरुकन्नूर के मतदान केंद्र पर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प हुई और पुलिस को दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को तितर बितर करने के लिए लाठी चार्ज करना पड़ा। इस सीट पर गृह मंत्री ए. नमशिवायम का मुकाबला कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष सेल्वम से है।
प्रदेश में मतदाताओं के लिए कुल 1,099 मतदान केंद्र बनाये गये थे । इनमें से 209 केंद्रों की संवेदनशील और पांच को अति-संवेदनशील बताया गया था। पुडुचेरी में कुल 9.44 लाख मतदाता में से लगभग 4.43 लाख पुरुष, पांच लाख महिलाएं और 139 उभयलिंगी मतदाता हैं।
मतगणना चार मई को हाेगी और उसी दिन परिणाम आ जायेंगे।
