
भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून अब पूरी तरह से सक्रिय है। झमाझम बारिश का सिलसिला तेज हो गया है। रविवार को भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन समेत प्रदेश के 25 से ज्यादा जिलों में जोरदार बारिश हुई। सोमवार को भी ऐसा ही हाल मौसम का बना हुआ है। मौसम विभाग ने ग्वालियर, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर, रायसेन, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अगले 24 घंटों में करीब साढ़े चार इंच तक बारिश हो सकती है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर समेत बाकी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेश में हर साल औसतन 37.36 इंच बारिश होती है। इस साल अब तक 6.8 इंच बारिश दर्ज की गई है, जो सीजन का लगभग 10 प्रतिशत है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस बार जून में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। आने वाले जुलाई और अगस्त में करीब 60 प्रतिशत बारिश होने की संभावना है, जबकि शेष बारिश सितंबर में गिरेगी। प्रदेश में मानसून सीजन 30 सितंबर तक रहता है, हालांकि मानसून की विदाई अकसर अक्टूबर के पहले सप्ताह में ही शुरू हो जाती है। विभाग ने नागरिकों को अलर्ट रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
