ग्वालियर: शहर में भारी बारिश से काफी नुकसान हुआ है एवं लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है।गार्डन होम में दीवार गिर पड़ी। झांसी रोड फिर धसक गई, कई वाहन फंस गए तो सिटी सेंटर में तलघर में पानी भर गया।चेतकपुरी में सेना का ट्रक फंस गया। इसे दो क्रेनों की मदद से निकाला गया। अलकापुरी में 20 आवासों में बारिश का पानी भर गया। सिटी सेंटर एरिया में होटल रेडियंस के पास बने एक तलघर में पानी भर गया।
देर रात तक फायर ब्रिगेड का अमला पानी निकालने के काम में लगा रहा। गणपति अपार्टमेंट, श्रीराम टॉवर, मां वैष्णव अपार्टमेंट, श्रद्धा अपार्टमेंट, लोटस विला काॅलोनी के अंदर बारिश का पानी भर गया। जेएएच कैंपस में ट्रामा सेंटर और डाक्टर कर्मचारियों के आवासों में बारिश का पानी भर गया। ओफो की बगिया मार्ग, रानी पुरा एरिया, बाराघाटा में पानी भराव की सूचना पर फायर अमला पहुंचा।
बारिश से पड़ाव चौराहा, फूलबाग, नदी गेट, छप्परवाला पुल, न्यू हाईकोर्ट रोड, न्यू हाईकोर्ट रोड, मोती तबेला रोड, जमुनाबाग नर्सरी एरिया की सड़कें, दर्पण कॉलोनी की रोड, गणेश कॉम्पलेक्स से चेतकपुरी चौराहा, नाका चंद्रवदनी चौराहा आदि रोड पर पानी भर गया।माधव नगर गेट के पास बरसात के कारण सड़क धंसक गई। पुलिस ने बेरीकेड्स लगाए है। गार्डन होम फेज-3 में बारिश से दीवार गिरने से घर का सामान टूट गया।
