शेयर बाजार की तेजी थमी

मुंबई 03 जनवरी (वार्ता) विश्व बाजार की गिरावट से हतोत्साहित निवेशकों की स्थानीय स्तर पर आईटी, बैंकिंग, तेल एवं गैस, टेक और फोकस्ड आईटी समेत चौदह समूहों में हुई बिकवाली से शेयर बाजार की पिछले लगातार दो दिनों से जारी तेजी आज थम गई।

बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 720.60 अंक का गोता लगाकर 79,223.11 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 183.90 अंक की गिरावट लेकर 24,004.75 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह बीएसई का मिडकैप 0.33 प्रतिशत उतरकर 46,936.08 अंक और स्मॉलकैप 0.02 प्रतिशत फिसलकर 56,116.21 अंक रह गया।

इस दौरान बीएसई में कुल 4103 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2114 में लिवाली जबकि 1873 में बिकवाली हुई वहीं 116 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह निफ्टी की 32 कंपनियों में गिरावट जबकि अन्य 18 में तेजी रही।

कैपिटलमाइंड रिसर्च के वरिष्ठ अनुसंधान विश्लेषक कृष्णा अप्पाला ने शेयर बाजार में पहले सप्ताह की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा, “वर्ष की शुरुआत सकारात्मक रही है, पहले सप्ताह में निफ्टी में 1.25% और निफ्टी 500 में 1.4% की बढ़त हुई है। यह व्यापक-आधार वाली तेजी बाजार के प्रति आशावाद के लिए आधार प्रदान करते हुए वर्ष 2025 की स्थिर शुरुआत का संकेत देती है। ऐसे समय जबकि बाज़ार में शेयरों के मूल्य अब भी विशेष रूप से मिडकैप और स्मॉलकैप सेगमेंट में ऊंचे हैं। इतिहास हमें याद दिलाता है कि ऐसी स्थितियां अपेक्षा से अधिक समय तक बनी रह सकती हैं। निवेशकों को निर्णय करते समय कंपनी के लाभ की वृद्धि की मजबूती और उभरते रुझानों के अनुसार अपने को ढालने की कंपनी की क्षमता पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।”

बीएसई के 14 समूहों में बिकवाली का दबाव रहा। इस दौरान कमोडिटीज 0.01, सीडी 0.03, वित्तीय सेवाएं 0.87, हेल्थकेयर 0.68, इंडस्ट्रियल्स 0.70, आईटी 1.31, ऑटो 0.08, बैंकिंग 1.07, कैपिटल गुड्स 1.06, पावर 0.40, रियल्टी 0.59, टेक 1.13, सर्विसेज 0.97 और फोकस्ड आईटी समूह के शेयर 1.42 प्रतिशत लुढ़क गए।

अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गिरावट का रुख रहा। इससे ब्रिटेन का एफ़टीएसई 0.13, जर्मनी का डैक्स 0.45, जापान का निक्केई 0.96 और चीन का शंघाई कम्पोजिट 1.57 प्रतिशत टूट गया जबकि हांगकांग के हैंगसेंग में 0.70 प्रतिशत की तेजी रही।

शुरूआती कारोबार में सेंसेक्स 129 अंक की तेजी के साथ 80,072.99 अंक पर खुला और यही इसका दिवस का उच्चतम स्तर रहा। इसके बाद शुरू हुई बिकवाली से यह लगातार गिरता हुआ कारोबार के अंतिम चरण में 79,109.73 अंक के निचले स्तर तक लुढ़क गया। अंत में पिछले दिवस के 79,943.71 अंक के मुकाबले 0.90 प्रतिशत की गिरावट लेकर 79,223.11 अंक पर रह गया।

इसी तरह निफ्टी भी आठ अंक बढ़कर 24,196.40 अंक पर खुला और सत्र के दौरान 24,196.45 अंक के उच्चतम जबकि 23,976.00 अंक के निचले स्तर पर रहा। अंत में पिछले सत्र के 24,188.65 अंक की तुलना में 0.76 प्रतिशत का गोता लगाकर 24,004.75 अंक पर बंद हुआ।

इस दौरान सेंसेक्स की जिन कंपनियों ने नुक़सान उठाया उनमें जोमैटो 4.27, एचडीएफसी बैंक 2.46, टेक महिंद्रा 2.23, अडानी पोर्ट्स 2.15, टीसीएस 2.03, आईसीआईसीआई बैंक 1.97, सन फार्मा 1.57, आईटीसी 1.48, एलटी 1.42, एचसीएल टेक 1.23, भारती एयरटेल 0.98, एसबीआई 0.94, इंफ़ोसिस 0.90, महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.71, एशियन पेंट 0.37, अल्ट्रासिमको 0.36, बजाज फिन सर्व 0.21 और एक्सिस बैंक 0.18 प्रतिशत शामिल रही।

वहीं, टाटा मोटर्स 3.33, टाइटन 1.70, हिंदुस्तान यूनिलीवर 1.49, नेस्ले इंडिया 1.47, रिलायंस 0.78, मारुति 0.62, एनटीपीसी 0.55, इंडसइंड बैंक 0.53, बजाज फाइनेंस 0.32, पावरग्रिड 0.24, कोटक बैंक 0.17 और टाटा स्टील के शेयर 0.11 प्रतिशत लाभ में रहे।

Next Post

मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना अंतर्गत छात्रवृत्ति का भुगतान अब यूनिपे से होगा

Fri Jan 3 , 2025
झाबुआ। महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा है कि नववर्ष से मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत पंजीकृत पात्र बालिकाओं को छात्रवृत्ति एवं प्रोत्साहन राशि का भुगतान यूनिपे के माध्यम से किया जायेगा। यह व्यवस्था लागू हो जाने से अब छात्रवृत्ति एवं प्रोत्साहन राशि का भुगतान बालिका […]

You May Like