काबुल, 29 जून (वार्ता) अफ़गानिस्तान की तालिबान सरकार ने पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर की उस टिप्पणी को खारिज किया है जिसमें दावा किया था कि पाकिस्तान के खिलाफ़ कार्रवाई करने के लिए भारत अफ़गानिस्तानी क्षेत्र का इस्तेमाल कर रहा है।
टोलो न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार इस्लामिक अमीरात के उप प्रवक्ता हमदुल्ला फ़ितरत ने ज़ोर देकर कहा कि कार्यवाहक सरकार, अन्य देशों के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न करने की अपनी नीति के आधार पर, किसी को भी किसी देश के खिलाफ़ कोई कार्रवाई या अभियान चलाने के लिए अपनी भूमि का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं देती है।
श्री फ़ितरत ने कहा, “फ़िलहाल, किसी को कोई ख़तरा नहीं है और एक पक्ष को दूसरे के खिलाफ़ बढ़ावा दिये जाने संबंधी चिंताएं निराधार हैं। इस्लामिक अमीरात अन्य देशों के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न करने की नीति का पालन करता है और खासकर पड़ोसी देशों के खिलाफ़, असुरक्षा पैदा करने के लिए अफ़गान भूमि का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं देता है। ये चिंताएँ निराधार हैं। फिर भी, हम इस बात पर ज़ोर देते हैं कि पाकिस्तान के साथ संबंध हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं और ये आपसी हितों पर आधारित होने चाहिए। हम दोनों देशों के साथ अच्छे संबंध चाहते हैं और विदेशी मामलों में तटस्थ, गैर-हस्तक्षेपवादी नीति का पालन करते हैं।”
श्री फितरत का यह बयान सेना प्रमुख असीम मुनीर की इस्लामाबाद में की गयी टिप्पणियों के बाद आया है, जिसमें दावा किया गया था कि अफ़गानिस्तान की ज़मीन से भारत समर्थित समूह पाकिस्तान के खिलाफ़ काम कर रहे हैं।
असीम मुनीर ने अफ़गानिस्तान को एक इस्लामी और भाईचारे वाला देश बताया और कहा कि पाकिस्तान अफ़गानिस्तान के साथ शांतिपूर्ण संबंध चाहता है, लेकिन उम्मीद करता है कि वह भारतीय छद्म तत्वों की गतिविधियों को रोकेगा।
