
ग्वालियर। पुलिस ने आम आदमी पार्टी के नेताओं पर भाजपा के ध्वज का अपमान कर कार्यकर्त्ताओं की भावना को ठेस पहुंचाने का मामला दर्ज किया है। आप नेताओं ने सिटी सेंटर में प्रदर्शन के दौरान बीजेपी के झण्डे को कीचड़ और कचरा में लगा दिया था। झंडे पर थूकने का भी आरोप है। भाजपा जिला संयोजक ने मामले की शिकायत की थी। ग्वालियर में जरा-सी वर्षा के बाद कीचड़ होने और अन्य समस्याओं पर आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शन किया था। कलेक्टर की अनुमति के बगैर किये जा रहे प्रदर्शन में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय ध्वज का आप नेताओं और कार्यकर्त्ताओं ने अपमान किया था।
आरोप है कि आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भाजपा के झंडे को कचरे के ढेर के पास कीचड़ में गाड़ दिया। इतना है नहीं उस पर थूका भी। घटना का पता चलते ही पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा कमल माखीजानी अपने कार्यकर्ताओं के साथ विश्वविद्यालय थाना पहुंचे और मामले की शिकायत की है। कमल माखीजानी ने आरोप लगाया है कि आप नेताओं की इस तरह की हरकत से भाजपा पार्टी के कार्यकर्ताओं की भावना आहत हुई हैं एवं उक्त कृत्य से विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता बढ़ सकती है। साथ ही क्षेत्र के शांति व सौहार्द पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। जिसके लिए आप पार्टी के रोहित गुप्ता, अमित शर्मा, आशीष राय, राहुल गौर, त्रिलोचन सिंह, शीलादेवी एवं अन्य कार्यकर्ताओं के विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया है।
