अहमदाबाद विमान दुर्घटना के 260 मृतकों के पार्थिव शरीर सम्मानपूर्वक परिजनों को सौंपे: ऋषिकेश

अहमदाबाद, 28 जून (वार्ता) गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने शनिवार को कहा कि अहमदाबाद विमान दुर्घटना के 260 मृतकों के पार्थिव शरीर सम्मानपूर्वक उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

श्री पटेल ने कहा कि 12 जून 2025 को अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के डीएनए का मिलान हो गया है और विमान के सभी 241 मृतकों के पार्थिव शरीर सम्मानपूर्वक उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि विमान दुर्घटना में अब तक कुल 260 मृतक लोगों की पहचान की जा चुकी है, जिनमें से 254 की पहचान डीएनए परीक्षण और छह की चेहरे की पहचान के माध्यम से की गई है, सभी शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए हैं।

मंत्री ने आगे जानकारी देते हुए कहा कि पहचाने गए 260 मृतकों में 181 भारतीय नागरिक, सात पुर्तगाली, 52 ब्रिटिश नागरिक, एक कनाडाई और 19 गैर-यात्री शामिल हैं। 260 शवों में से 31 को हवाई मार्ग से और 229 को सड़क मार्ग से भेजा गया है।

परिजनों को सौंपे गए शवों में उदयपुर में सात, वडोदरा में 24, खेड़ा में 11, अहमदाबाद में 73, मेहसाणा में सात, बोटाद में एक, जोधपुर में एक, अरावली में दो, आनंद में 29, भरूच में सात, सूरत में 12, पालनपुर में एक, गांधीनगर में सात, महाराष्ट्र में 13, दीव में 14, जूनागढ़ में एक, अमरेली दो, गिर सोमनाथ पांच, महिसागर एक, भावनगर तीन, लंदन 13, पटना एक, राजकोट तीन, राजस्थान दो, नडियाद एक, बनासकांठा दो, जामनगर दो, पाटन चार, द्वारका दो, साबरकांठा एक, नगालैंड एक, मोडासा एक, कच्छ एक, खंभात दो, मणिपुर एक, केरल एक और मध्य प्रदेश का एक शव शामिल हैं।

मंत्री ने इस अवसर पर स्वास्थ्य कर्मियों, पुलिस कर्मियों, एफएसएल, एएमसी टीमों और स्वयंसेवकों सहित सभी लोगों को इस पूरी घटना के बाद उनके काम और उत्कृष्ट प्रबंधन के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि इन सभी विभागों के समन्वय के कारण डीएनए मिलान और शव सौंपने की पूरी प्रक्रिया में काफी तेजी आयी।

Next Post

सुपौल : मध्याह्न भोजन खाने से 80 से अधिक बच्चे बीमार

Sat Jun 28 , 2025
सुपौल, 28 जून (वार्ता) बिहार के सुपौल जिले के छातापुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत महम्मदगंज पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय शंकरपट्टी में शनिवार को मध्याह्न भोजन खाने से 80 से अधिक बच्चे बीमार हो गये हैं। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय शंकरपट्टी में 100 से अधिक बच्चों […]

You May Like