नयी दिल्ली 27 जून (वार्ता) राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पंजाब के गुरदासपुर पुलिस स्टेशन पर ग्रेनेड हमले के मामले में बब्बर खालसा इंटरनेशनल के आतंकवादी रिंदा समेत सात आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है।
यह हमला पिछले वर्ष दिसंबर में किया गया था और इसके सात आरोपियों में से तीन अभी भी फरार हैं। बब्बर खालसा के आतंकवादियों हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पासिया और गुरप्रीत उर्फ गोपी ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था।
अमेरिका में रहने वाला पासिया, पाकिस्तान में रहने वाला आतंकवादी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा और शमशेर सिंह उर्फ शेरा उर्फ हनी तीनों फरार हैं। चार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलजीत सिंह, अभिजोत सिंह, गुरजिंदर सिंह और शुभम के रूप में हुई है जो सभी पंजाब के बटाला के किला लाल सिंह गांव के निवासी हैं। सभी सात आरोपियों पर गैर कानूनी गतिविधि (निवारण) अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत आरोप पत्र दाखिल किया गया है।
एनआईए ने इस मामले की जांच इस वर्ष मार्च में शुरू की थी जो अभी भी चल रही है।
