‘अमृत काल’ में विदेश भेजने के नाम पर रूसी सेना में भर्ती : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 27 जून (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘अमृत काल’ में विदेश भेजने के नाम पर जमकर धंधा चल रहा है और देश के युवाओं से भारी भरकम राशि वसूल कर उन्हें धोखे से यूक्रेन से लड़ने के लिए रूसी सेना में भर्ती कराया जा रहा है।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष तथा पार्टी के लोकसभा सांसद अमरिंदर सिंह राजा बरार ने शुक्रवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि श्री मोदी के ‘अमृत काल’ में जिस तरह के काम हो रहे है, वह बेहद चिंताजनक है। उनका कहना था कि देश के युवाओं को विदेश जाने के नाम पर बहला फुसला कर उनसे मोटी रकम ऐंठी जा रही है और उन्हें धोखे से रूस भेजकर सेना में भर्ती कर सीधे युद्ध के मैदान में भेजा जा रहा है।

पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इस दौरान जगदीप और खुशबू यादव का परिचय कराते हुए कहा कि इन दोनों के भाई लोग डेढ़ साल से रूस में लापता हैं। उनका कहना था कि दिसम्बर 2023 को 126 लोग एजेंट के माध्यम से विदेश गए थे। वे लोग सिंगापुर, मलेशिया और इटली जाना चाहते थे, लेकिन उनको मॉस्को भेज दिया गया। जगदीप के अुनसार एजेंट के माध्यम से पांच लोग मॉस्को गए थे और इसके बदले उनसे 35 लाख 40 हजार रुपए दिए लेकिन उन्हें इटली भेजने की बजाय मॉस्को भेज दिया गया। उसके बाद मॉस्को की सरकार ने इन लोगों को सेना में भर्ती करा दिया और 15 दिन की ट्रेनिंग देकर उन्हें मशीन गन पकड़ा दी गई।

उन्होंने कहा कि इन 126 लोगों में 14 लोग लापता हैं जिनमें से करीब 100 लोग वापस आ गए हैं, क्योंकि कुछ लोगों को गोली लग गई और कई लोग जख्मी हो गए। जगदीप और खुशबू यादव अपने भाई को वापस लाने के लिए हर मंत्रालय गए, लेकिन उनकी बात किसी ने नहीं सुनी।

कांग्रेस नेता ने कहा कि लापता 14 लोगों में उत्तर प्रदेश के नौ लोग हैं जबकि पंजाब के तीन, महाराष्ट्र तथा जम्मू कश्मीर से एक-एक है। परिजन परेशान हो गये हैं लेकिन उनको ढूंढने को लेकर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार रूस से पूछेगी कि बिना अनुमति के हमारे लोगों को वहां की सेना में भर्ती क्यों किया गया और क्या सरकार ने अपने लोगों को वापस लाने का कोई प्रयास किया है। सारा मामला खुलने के बाद सरकार ने धोखेबाज एजेंटों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।

रशिया में लापता मनदीप जी के भाई जगदीप ने बताया कि पिछले डेढ़ साल से मैं अपने भाई मनदीप को ढूंढने की कोशिश कर रहा हूं, लेकिन हमारी कोई सहायता नहीं कर रहा है। उन्होंने बताया कि हर बार उन्हें यही आश्वासन दिया जाता है कि उनके भाई को ढूंढने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कुछ नहीं होता। उनकी मां बेटे के लौटने की उम्मीद लगाए हुए है लेकिन सरकार मदद करने को तैयार नहीं है।

रूस में लापता जोगिंदर यादव की बहन खुशबू ने बताया कि उनके परिवार वाले बहुत परेशान हैं और एक साल से उनकी अपने भाई से बात नहीं हुई है। वह जिंदा हैं या नहीं इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

 

 

Next Post

सरकारी डेटा काे संभालने में सतर्कता जरुरी

Fri Jun 27 , 2025
नयी दिल्ली 27 जून (वार्ता) केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय में सचिव अनिल मलिक ने सरकारी डेटा को संभालने में सतर्कता बरतने का आह्वान करते हुए कहा है कि संबंधित कर्मचारियों और कार्यकर्ताओं के लिए सुरक्षित प्रक्रियाओं और कार्यशैली से परिचित होना आवश्यक है। श्री मलिक ने शु्क्रवार को […]

You May Like