छतरपुर: जिले में रसोई गैस की किल्लत ने आम जनता की परेशानी बढ़ा दी है। प्रशासन जहां 39 एजेंसियों में 7087 सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक होने का दावा कर रहा है, वहीं जमीनी हकीकत इसके विपरीत नजर आ रही है। केवल छतरपुर शहर की चार प्रमुख एजेंसियों में ही 8000 से अधिक बुकिंग पेंडेंसी पहुंच चुकी है, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं।
होम डिलीवरी प्रभावित होने के कारण लोग सुबह से ही गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर लंबी कतारों में लगने को मजबूर हैं।
इधर,पन्ना रोड स्थित गैस गोदाम पर बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंचे। ईद के चलते सिलेंडर की सप्लाई बाधित रही और सोमवार को स्वरूप गैस एजेंसी के अवकाश के कारण मंगलवार को अचानक भीड़ बढ़ गई।प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार जिले में प्रतिदिन करीब 4500 सिलेंडरों का वितरण हो रहा है, लेकिन मांग इससे कहीं अधिक है। शहर में मांग और आपूर्ति के बीच बढ़ते अंतर के चलते स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है, जिससे आम लोगों के घरों के चूल्हे तक प्रभावित हो रहे हैं।
