पाकिस्तान में भारी वर्षा के कारण सात लोगों की मौत

इस्लामाबाद, 27 जून (वार्ता) पाकिस्तान के पूर्वी पंजाब प्रांत में भारी बारिश के कारण पिछले 24 घंटों में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और 27 अन्य घायल हो गए।

प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) ने कल देर रात यह जानकारी दी। प्राधिकरण ने बताया कि झेलम नदी में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई। ओकारा और बहावलनगर में वर्षा जनित घटनाओं में एक-एक बच्चे की मृत्यु की खबर है। मुजफ्फरगढ़ में दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गयी और खानेवाल में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गयी।

इस बीच मुल्तान, फैसलाबाद, साहीवाल, शोरकोट और मंडी बहाउद्दीन से बारिश से जुड़ी अन्य दुर्घटनाएं सामने आईं जो ज्यादातर छत और दीवार गिरने या बिजली के झटके के कारण हुईं।

प्राधिकरण ने निवासियों से एहतियाती उपाय करने का आग्रह किया और सरकार की नीति के अनुरूप पीड़ितों के परिवारों के लिए वित्तीय सहायता की भी घोषणा की।

पाकिस्तान मौसम विभाग ने एक जुलाई तक पूरे देश में मानसून की बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। इस मौसम में सामान्य से 25 प्रतिशत अधिक बारिश होने की चेतावनी दी है जिससे शहरी क्षेत्रों विशेषकर निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ेगा।

Next Post

अमेरिका के साथ युद्ध विराम वार्ता में खामेनेई को किया गया पूरी तरह दरकिनार

Fri Jun 27 , 2025
तेहरान, 27 जून (वार्ता) ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को इजरायल के साथ युद्ध समाप्त करने संबंधी बातचीत और अमेरिका के साथ युद्वविराम वार्ता में पूरी तरह दरकिनार किए जाने की रिपोर्टें हैं। ईरान इंटरनेशनल के अनुसार, संपूर्ण निर्णय लेने की प्रक्रिया ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद […]

You May Like