तेहरान, 27 जून (वार्ता) ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को इजरायल के साथ युद्ध समाप्त करने संबंधी बातचीत और अमेरिका के साथ युद्वविराम वार्ता में पूरी तरह दरकिनार किए जाने की रिपोर्टें हैं।
ईरान इंटरनेशनल के अनुसार, संपूर्ण निर्णय लेने की प्रक्रिया ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद और राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने अपने हाथोंं में रखी थीं और उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के युद्ध विराम प्रस्ताव का तुरंत जवाब दिया।
श्री खामेनेई के साथ संपर्क स्थापित करने पर विचार किया गया, लेकिन ऐसा कोई अवसर सामने नहीं आया और सर्वोच्च राष्ट्रीय परिषद द्वारा जल्दी से जल्दी युद्ध विराम पर बातचीत करने की इच्छा के कारण श्री खामेनेई को इजरायल और अमेरिका के ईरान की युद्ध विराम वार्ता के बारे में पूरी तरह से अंधेरे में रखा गया।
हाल के दिनों में सुरक्षा चिंताओं के कारण, खास तौर पर उनके स्थान पर हमले की आशंकाओं के कारण, श्री खामेनेई की संचार सुविधाओं को भी काफी हद तक सीमित कर दिया गया है। इस तरह की रिपोर्टें हैं कि ईरानी सर्वोच्च नेता अपने करीबी परिवार के सदस्यों के साथ तेहरान के उत्तर-पूर्व में लाविज़ान में कहीं एक गुप्त बंकर में छिपे हुए हैं।
