ओंकारेश्वर:मोनी बाबा आश्रम के पास रपटे से शुक्रवार शाम तेज पानी के बहाव में एक बुजुर्ग बह गया। पानी के बीच पुल के पिलर के पास फंसे बुजुर्ग को समय रहते देख लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। वहां से गुजर रहे पार्षद सुनील सोने ने बुजुर्ग को बहते देखा और तत्काल तहसीलदार उदय मंडलोई को मोबाइल पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही तहसीलदार मौके पर पहुंचे और एनएचडीसी को तत्काल पानी का बहाव कम करने के निर्देश दिए। इसके बाद चार गेट बंद करवाए गए, जिससे पानी का बहाव कम हुआ। इसी बीच एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
एसडीआरएफ टीम ने अनाउंसमेंट के माध्यम से पिलर के पास पानी के बीच फंसे बुजुर्ग का हौसला बढ़ाया। उन्हें लगातार बताया गया कि पानी कम करवाया जा रहा है, वे सुरक्षित स्थान पर खड़े रहें और घबराएं नहीं। करीब 20 से 25 मिनट की मशक्कत के बाद बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ के नागेंद्र शर्मा, नाविक जयराम भांवरिया, उदय सिंह सहित मांधाता थाने के कृपाराम परिहार और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
बचाव के बाद बुजुर्ग काफी घबराए हुए थे और अपना नाम-पता भी ठीक से नहीं बता पा रहे थे। उन्हें तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार कराया गया। समय पर सूचना और प्रशासन-एसडीआरएफ की तत्परता से बुजुर्ग की जान बच गई।
