रायसेन, 26 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में अनेक स्थानों तेज बारिश और आंधी के कारण जलभराव की स्थिति बन गयी। इस बीच बीरपुर गांव में कच्चा मकान गिरने से पांच व्यक्ति घायल हो गए।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार बेगमगंज क्षेत्र के बीरपुर में बीती रात तेज आंधी और बारिश से कच्चा मकान गिरने से एक ही परिवार के पांच लोग दब गए। इन पांचों को घायल अवस्था में यहां अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें पति कैलाश अहिरवार, उसकी पत्नी और तीन बच्चे शामिल हैं।
लगातार बारिश के चलते आज रायसेन जिले की बेगमगंज-सुल्तानगंज सड़क पर यातायात बाधित रहा। पंडाझिर गांव के समीप निर्माणाधीन पुल के नीचे से बनाई गई कच्ची “डायवर्सन” सड़क नदी में आई बाढ़ के चलते बह गई। इसके चलते यह सड़क मार्ग यातायात के लिए दिन भर बंद रहा। सड़क बंद होने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। निर्माण एजेंसी को तत्काल प्रभाव से वैकल्पिक व्यवस्था कर सड़क बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में कल से अनेक स्थानों पर बारिश का क्रम चल रहा है।

