ऑनलाइन तरीके से नकली किताबें बेचने वालों का नेटवर्क का भंडाफोड़

नयी दिल्ली, (वार्ता) दिल्ली पुलिस ने ऑनलाइन तरीके से पायरेटिड किताबें बेचने के नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए इसके कथित संचालक को गिरफ्तार कर लिया है और इससे जुड़े पांच अन्य व्यक्तियों को नोटिस जारी किए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि यह नेटवर्क देशभर में पायरेटेड शैक्षणिक पुस्तकों की आपूर्ति कर रहा था।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान 27 वर्षीय अनमोल किरो के रूप में हुई है। यह मयूर विहार फेज-1 में रहता था और वह एक वेबसाइट के माध्यम से पायरेटेड किताबें बेचता था और इनकी आपूर्ति कुरियर सेवाओं द्वारा पूरे देश में करता था।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तीन नवम्बर को दर्ज प्राथमिकी के बाद जांच शुरू की गई। वेबसाइट की तकनीकी निगरानी ने आखिरकार पुलिस को किरो तक पहुंचाया। उसके घर पर छापे के दौरान 42 पायरेटेड अकादमिक किताबें बरामद हुईं। जांच में पाया गया कि किरो ने एक ई-कॉमर्स वेबसाइट और एक सोशल मीडिया अकाउंट बनाया था। पूछताछ में उसने बताया कि वह दरियागंज इलाके से पायरेटेड किताबें खरीदकर उन्हें देशभर में भेजता था। उसकी निशानदेही पर पांडव नगर के गणेश नगर में छापा मारकर 18 शीर्षकों की 686 पायरेटेड किताबें बरामद की गईं।

पुलिस ने इस मामले में सुनील कुमार गुप्ता, लालन गुप्ता, नावेद और कमरान को नोटिस जारी किए हैं। कमरान की हौज काज़ी स्थित प्रेस से एक प्रिंटिंग मशीन जब्त की गई है। एक अन्य व्यक्ति हिलाल मोहम्मद को भी नोटिस दिया गया है, जो पायरेटेड पुस्तकों के लिए प्रिंटिंग प्लेट तैयार कर रहा था। उसके पास से तीन प्लेटें बरामद की गईं।

 

 

Next Post

मुक्त और खुला हिन्द प्रशांत क्षेत्र भारत और ऑस्ट्रेलिया की साझा जिम्मेदारी

Fri Nov 21 , 2025
नयी दिल्ली (वार्ता) विदेश मंत्री डॉक्टर एस जयशंकर ने कहा है कि स्वतंत्र एवं खुला हिन्द प्रशांत क्षेत्र भारत और ऑस्ट्रेलिया की साझा जिम्मेदारी है तथा दोनों देश इसके लिए प्रतिबद्ध हैं। डॉ जयशंकर ने गुरुवार को यहां ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पैनी वोंग के साथ 16 वें भारत-ऑस्ट्रेलिया विदेश […]

You May Like