कावड़ यात्रियों से विवाद के बाद सदर बाजार में तनाव, थाना पहुंचा मामला

इंदौर: सावन के पवित्र माह में कावड़ यात्रा के दौरान सदर बाजार क्षेत्र में कावड़ियों और दूसरे समुदाय के कुछ लोगों के बीच विवाद की स्थिति बन गई. मौके पर पुलिस बल पहुंचा और हालात को नियंत्रण में लिया. मामले में पिता-पुत्र को थाने लाया गया है.सदर बाजार मेन रोड पर मंगलवार शाम उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई जब ओंकारेश्वर से जल भरकर उज्जैन महाकाल जा रहे कावड़ियों का रास्ते में दूसरे वर्ग के कुछ लोगों से विवाद हो गया.

शाम को हुई मामूली बहस ने देखते ही देखते तकरार का रूप ले लिया. सूत्रों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष की ओर से डंडे और पत्थर उठाने की कोशिश की गई. माहौल बिगड़ता देख कावड़ यात्रियों के समर्थन में कुछ अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और नारेबाजी शुरू हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के प्रवीण दरेकर सहित अन्य हिंदूवादी नेता थाना पहुंच गए.

उधर, तनाव को देखते हुए पुलिस भी तत्काल सक्रिय हुई और दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर भीड़ को तितर-बितर किया. पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए विवाद में शामिल एक पिता-पुत्र को हिरासत में लिया है. थाना प्रभारी यशवंत बडोले का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और दोनों पक्षों में सुलह हो गई है. वहीं हिंदू संगठनों का कहना है कि सावन मास के दौरान सदर बाजार से सैकड़ों कावड़ यात्राएं निकलती हैं, इसलिए यहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती जरूरी है ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने. पुलिस फिलहाल घटना के पीछे की पूरी स्थिति की जांच कर रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है.

Next Post

रंजिश में लोहे के पाइप और चाकू से हमला

Wed Jul 16 , 2025
इंदौर: सेंट्रल कोतवाली और रावजी बाजार थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच मारपीट की घटनाएं हुईं. एक युवक पर लोहे के पाइप से हमला किया गया, वहीं दूसरे मामले में चाकू मारने की रिपोर्ट दर्ज हुई है. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण […]

You May Like