इंदौर: सेंट्रल कोतवाली और रावजी बाजार थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच मारपीट की घटनाएं हुईं. एक युवक पर लोहे के पाइप से हमला किया गया, वहीं दूसरे मामले में चाकू मारने की रिपोर्ट दर्ज हुई है. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.सेंट्रल कोतवाली थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार थाना क्षेत्र के अनारबाग काली टंकी के पास पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में युवक पर लोहे के पाइप से हमला कर उसे घायल कर दिया.
फरियादी उमेर पिता रिजवान अंसारी निवासी साउथ तोड़ा ने थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि वह अपनी दुकान पर काम कर रहा था, तभी आरोपी आसिफ अंसारी और समीर अंसारी वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी. जब उमेर ने विरोध किया तो आसिफ ने दुकान में पड़ा लोहे का पाइप उठाकर उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया. इसी दौरान समीर ने अब्दुल्ला अंसारी से भी मारपीट की, जिससे उसकी आंख में चोट आई.
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है. इसी विवाद के दूसरे पक्ष की ओर से रावजी बाजार थाने में मामला दर्ज कराया गया है. मोहम्मद आकिब पिता अब्दुल कादिर निवासी साउथ तोड़ा ने रिपोर्ट में बताया कि उमेर अंसारी ने उसे गाली दी. विरोध करने पर उमेर ने लात-घूंसे मारने के बाद हाथ में लिया चाकू उसके पेट में मार दिया, जिससे खून बहने लगा. पुलिस ने उमेर के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है. दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है और घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है. फिलहाल दोनों पक्षों की रंजिश को लेकर इलाके में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है.
