
देवसर। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपभोक्ता संरक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव सुरेश मिश्रा ने देवसर अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में कथित रूप से अमानक एवं घटिया बीजों की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने तथा दोषी विक्रेताओं के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि देवसर,बरगवां, सरई और निवास सहित विभिन्न बाजारों में किसानों को अधिक कीमत पर अमानक बीज बेचे जा रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक हानि हो रही है। साथ ही यह भी शिकायत की गई कि कुछ विक्रेता बिना सक्षम अधिकारी से लाइसेंस लिए बीजों का विक्रय कर रहे हैं। ऐसे बीजों के कारण धान की फसल की उपज प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। ज्ञापन में प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर किसानों के हितों की रक्षा करने, अमानक बीजों की बिक्री पर रोक लगाने तथा दोषी बीज विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है।
