मध्यप्रदेश में चौथे चरण में 71.72 प्रतिशत हुआ मतदान

भोपाल, 14 मई  लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत मध्यप्रदेश में आज आठ संसदीय क्षेत्रों में निर्विघ्न तरीके से मतदान संपन्न हो गया और एक करोड़ 63 लाख से अधिक मतदाताओं में से 71़ 72 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इसी के साथ राज्य में चार चरणों में सभी 29 सीटों पर मतदान की प्रक्रिया पूरी हो गयी। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने देर शाम एक विज्ञप्ति के जरिए कहा कि आठ संसदीय क्षेत्रों में “अनंतिम जानकारी के अनुसार” 71.72 प्रतिशत मतदान हुआ है। संसदीय क्षेत्र देवास (अजा) में 74.86 प्रतिशत, उज्जैन (अजा) में 73.03, मंदसौर में 74.50, रतलाम (अजजा) में 72.86, धार (अजजा) में 71.50, इंदौर में 60.53, खरगोन (अजजा) में 75.79 और खंडवा में 70.72 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। सबसे कम मतदान इंदौर में दर्ज किया गया।

इन आठों संसदीय क्षेत्रों में पांच महिलाओं समेत कुल 74 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इनमें देवास और मंदसौर में आठ-आठ, खंडवा में 11, खरगोन में पांच, रतलाम में 12, धार में सात, इंदौर में 14 और उज्जैन में नौ प्रत्याशी शामिल हैं। इन क्षेत्रों में मतदाताओं की कुल संख्या एक करोड़ 63 लाख 70 हजार से अधिक है। कुल 18,007 मतदान केंद्रों पर सख्त सुरक्षा प्रबंध के बीच लगभग 72 हजार कर्मचारियों ने मतदान कार्य संपन्न कराया। कुल मतदाताओं की संख्या एक करोड़ 63 लाख 70 हजार से अधिक है, जिसमें 82 लाख 48 हजार से अधिक पुरुष, 81 लाख 22 हजार से अधिक महिलाएं और थर्ड जेंडर के वोटर 388 शामिल हैं।

इस चरण में इंदौर संसदीय सीट सर्वाधिक चर्चा में है, जहां पर कांग्रेस ने अक्षय कांति बम को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन नामांकन वापसी के दिन उन्होंने सभी को चौंकाते हुए न केवल अपना नामांकन वापस ले लिया, बल्कि कांग्रेस को अलविदा कह कर भाजपा का दामन भी थाम लिया। इसके बाद अब इंदौर से कांग्रेस का कोई अधिकृत प्रत्याशी चुनावी मैदान में नहीं है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पार्टी के अन्य नेताओं ने यहां लोगों से नोटा को वोट देने की अपील की है। भाजपा ने यहां से मौजूदा सांसद शंकर ललवानी पर ही दोबारा भरोसा जताया है।

इसके अलावा झाबुआ-रतलाम सीट भी इस चरण में चर्चाओं में है। आदिवासी बहुल इस क्षेत्र पर कांग्रेस ने अपने कद्दावर आदिवासी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया को मैदान में उतारा है। उनका सामना भाजपा की प्रत्याशी राज्य सरकार के मंत्री नागर सिंह चौहान की पत्नी अनिता नागर सिंह चौहान से है।

देवास में भाजपा के महेंद्र सिंह सोलंकी का मुकाबला कांग्रेस के राजेंद्र मालवीय से, धार में भाजपा की सावित्री ठाकुर का कांग्रेस के राधेश्याम मुवेल से, खंडवा में भाजपा के ज्ञानेश्वर पाटिल का कांग्रेस के नरेंद्र पटेल से, खरगोन में भाजपा के गजेंद्र पटेल का कांग्रेस के पोरलाल खरते से, मंदसौर में भाजपा के सुधीर गुप्ता का कांग्रेस के दिलीप सिंह गुर्जर से और उज्जैन में भाजपा के अनिल फिरोजिया का मुकाबला कांग्रेस के महेश परमार से है।

चौथे चरण के साथ ही राज्य की सभी 29 लोकसभा सीटों पर मतदान संपन्न हो गया। मतों की गिनती का कार्य चार जून को होगा। राज्य में वर्तमान 29 में से 28 पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कब्जा है। एकमात्र छिंदवाड़ा सीट ही कांग्रेस के पास है।

Next Post

बस एवं डंपर की भिंड़त में एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल

Tue May 14 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email सागर, 14 मई  मध्यप्रदेश के सागर जिले के जैसीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जैसीनगर स्टेट हाईवे पर बस एवं डंपर की भिंड़त में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए हैं। पुलिस के अनुसार बस सागर से […]

You May Like

मनोरंजन