
सतना . ड्यूटी पर तैनात होकर मरीज को देख रहे चिकित्सा अधिकारी के साथ गाली-गलौच और झूमा-झटकी की घटना ने स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना की शिकायत थाने पहुंच चुकी है. लिहाजा देखने वाली बात होगी कि पुलिस द्वारा इस तरह के मामले में कितनी तत्परता से कार्रवाई की जाती है.
जिले के बिरसिंहपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बतौर चिकित्सा अधिकारी पदस्थ डॉ. सुनील सिंह हर रोज की तरह सोमवार को भी मरीजों को देख रहे थे. सोमवार की शाम साढ़े 4 बजे इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डा. सिंह वहां पर पहुंचे मरीज रोहित त्रिपाठी को देख रहे थे. उक्त मरीज का प्राथमिक उपचार किया ही जा रहा था कि वहां पर शिब्बू उर्फ शिब्बू शूटर अपने डेढ़ दर्जन साथियों के साथ पहुंच गया. देखते ही देखते शिब्बू ने डॉ. सिंह के साथ गाली-गलौच औक्र झूमा-झटकी शुरु कर दी. इतना ही नहीं बल्कि उपचार में बाधा डालते हुए चिकित्सक डॉ. सिंह को धमकाया भी जाने लगा. चिकित्सा अधिकारी डॉ. सिंह के अनुसार उस दौरान यदि वे वहां से नहीं हटते तो उनके साथ कोई अप्रिय घटना भी हो सकती थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सा अधिकारी द्वारा सभापुर थाने में लिखित शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की गई.
