
ग्वालियर। शहर में बेलगाम रफ्तार का एक और मामला सामने आया है। बिजली बिल की शिकायत कर लौट रही एक महिला को तेज रफ्तार मिक्सर ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे परिजनों ने जेएएच अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
जनकगंज थाना क्षेत्र के हारकोटा सीर निवासी गणेश कुशवाह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी बहन सुनीता कुशवाह उम्र 33 साल, निवासी लक्ष्मीगंज मरघट के पास, अपने बिजली बिल में गड़बड़ी की शिकायत लेकर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के बंगले पर गई थीं।
बंगले पर शिकायत देकर वह पैदल ही स्टेशन बजरिया की तरफ लौट रही थीं। इसी दौरान जैसे ही वह डीडी मॉल के पास पहुंचीं, तभी पीछे से आ रहे केपीसी कंपनी के मिक्सर मशीन ट्रक क्रमांक केए 05 एके 6159 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि सुनीता सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे में उसका दाहिना पैर पूरी तरह कुचल गया और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तुरंत डायल 112 से जेएएच अस्पताल लेकर पहुंचे।
पुलिस ने गणेश कुशवाह की शिकायत पर आरोपी मिक्सर ट्रक चालक के खिलाफ तेज व लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। मामले की जांच प्रधान आरक्षक कमल सिंह को सौंपी गई है। पुलिस ट्रक नंबर के आधार पर चालक की तलाश कर रही है।
