
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश सरकार किसान कल्याण वर्ष के तहत विभिन्न विभागों के कार्यों को समन्वय के साथ आगे बढ़ा रही है, ताकि योजनाओं का सीधा लाभ किसान परिवारों तक पहुंच सके। वे भोपाल में आयोजित जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्ध जनों के अभिमुखीकरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश देश का ऐसा एकमात्र राज्य है जहां किसानों को कृषि पंप के लिए मात्र पांच रुपये में बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार किसानों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है और किसानों के बीच सकारात्मक कार्य वातावरण तैयार करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को 50 प्रतिशत तक का अनुदान दिया जा रहा है। साथ ही प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए आठ नए आयुर्वेदिक महाविद्यालय खोले जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी पांच वर्षों में 100 लाख हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार जो कहती है उसे पूरा करके भी दिखाती है।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में चार से पांच किसान सम्मेलन आयोजित कर किसानों में जागरूकता बढ़ाएं। इन सम्मेलनों के आयोजन में कृषि विभाग द्वारा आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने आयोजन में शामिल सभी जनप्रतिनिधियों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
