आष्टा. सरकारी योजना के पाइप चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करने में आष्टा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खास बात यह है कि चोर राजस्थान से क्षेत्र में आते थे. यहां दिन में वे कार से रैकी करते थे ताकि किसी को शक न हो और रात के समय वे पाइप चुराकर भाग जाते थे. पुलिस ने पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके पास से 300 पाइप जब्त किए हैं. ये पाइप आष्टा और सिद्दीकगंज क्षेत्र में नल-जल योजना में लगाए जाना थे. पुलिस ने पाइप के साथ ट्रक और कार सहित कुल 65 लाख का माल बरामद किया है.
पुलिस के अनुसार 10 जून को मनीष विश्वकर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि भीमपुरा में नल-जल योजना के लिए रखे 100 पाइप चोरी हो गए हैं. विवेचना में यह भी सामने आया कि थाना सिद्दीकगंज क्षेत्र से 200 पाइप चोरी हुए थ. आष्टा टीआई गिरीश दुबे के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें बनाई. सीसीटीवी फुटेज, साइबर विश्लेषण और मुखबिर की सूचना पर आखिरकार पुलिस ने घेराबंदी कर देवनखेड़ी जोड़ के पास पांच बदमाशों को हिरासत में लिया. इनके पास एक ट्रक और एक कार भी थी. पूछताछ के दौरान उन्होंने आष्टा और सिद्दीकगंज से पाइप चोरी करने की बात कबूली.
