भारत, नेपाल ने सलाहकार समूह की बैठक में सुरक्षा, रक्षा सहयोग पर चर्चा की

नयी दिल्ली, 24 जून (वार्ता) भारत और नेपाल ने 23-24 जून को पुणे में सुरक्षा मुद्दों पर द्विपक्षीय सलाहकार समूह की 16वीं बैठक आयोजित की, जिसमें दोनों देशों के बीच सुरक्षा और रक्षा सहयोग से संबंधित मुद्दों पर विस्तृत विचार विमर्श किया गया।

भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव (उत्तर) मनु महावर ने किया और नेपाली प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व नेपाल के विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव (दक्षिण एशिया) गहेंद्र राजभंडारी ने किया।

यहां जारी एक बयान में मंगलवार को कहा गया कि दोनों प्रतिनिधिमंडलों में विदेश और रक्षा मंत्रालयों के अधिकारियों के साथ-साथ भारतीय सेना और नेपाली सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल थे।

दोनों पक्षों ने सुरक्षा और रक्षा सहयोग से संबंधित विभिन्न मुद्दों जैसे उपकरणों की आपूर्ति, प्रशिक्षण, संयुक्त सैन्य अभ्यास, आपदा राहत अभियानों और सैन्य आदान-प्रदान पर सार्थक चर्चा की।

इसके अलावा, प्रतिनिधिमंडलों ने पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग की संभावनाओं का पता लगाने के लिए सार्वजनिक और निजी रक्षा क्षेत्र की प्रमुख विनिर्माण सुविधाओं का भी दौरा किया।

गौरतलब है कि सुरक्षा मुद्दों पर भारत-नेपाल द्विपक्षीय सलाहकार समूह (आईएनबीसीजीएसआई) की स्थापना 2003 में की गई थी। यह भारत और नेपाल के बीच द्विपक्षीय रक्षा और सुरक्षा सहयोग का समन्वय करने वाला एक व्यापक संस्थागत तंत्र है।

Next Post

एक ही दिन में सड़कों के 3400 गड्ढे भरे गये: मिश्रा

Tue Jun 24 , 2025
नयी दिल्ली, 24 जून (वार्ता) दिल्ली के विकास मंत्री कपिल मिश्रा ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली सरकार ने राजधानी की सड़कों को सुरक्षित, सुगम और गड्ढा-मुक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए आज एक दिन में लगभग 1400 किलोमीटर सड़कों पर 3400 से अधिक गड्ढों को […]

You May Like