
इंदौर. राजा रघुवंशी हत्याकांड की जांच में एक और नाम पुलिस के निशाने पर आया है. शिलांग से लौटने के बाद सोनम जिस इंदौर स्थित फ्लैट में रुकी थी, उस फ्लैट के मालिक लोकेंद्र तोमर को पुलिस ने कल ही ग्वालियर से गिरफ्तार कर लिया था, मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड मांगी गई. लोकेंद्र को सोमवार शाम ग्वालियर के गांधीनगर क्षेत्र स्थित एमके प्लाजा अपार्टमेंट से पकड़ा गया. पुलिस टीम सिविल ड्रेस में फ्लैट नंबर 105 पर पहुंची थी. अपार्टमेंट के गार्ड के अनुसार, चार लोग कार से आए थे, जिसे उन्होंने इमारत से कुछ दूरी पर खड़ा किया और बिना शोर-शराबे के कार्रवाई की. सूत्रों के मुताबिक, फ्लैट में सोनम 30 मई से 7 जून तक रुकी थी. यह बिल्डिंग लोकेंद्र की है, जिसे उसने प्रॉपर्टी डीलर शिलोम जेम्स को किराए पर दिया था. पुलिस को शक है कि सोनम के इंदौर पहुंचने के बाद सबूत नष्ट करने और गुप्त ठहराव में लोकेंद्र की भूमिका रही है.
पुलिस ने गिरफ्तारी से पहले लोकेंद्र का मेडिकल परीक्षण भी कराया. कोर्ट ले जाते वक्त उसने मीडिया से कहा, मुझे अब तक नहीं पता मुझ पर आरोप क्या हैं, अगर बाहर निकला तो खुद सामने आकर सारी बातें बताऊंगा.
लोकेंद्र को फिलहाल रिमांड पर लेने की प्रक्रिया चल रही है ताकि उसे आगे पूछताछ के लिए शिलांग ले जाया जा सके. हत्याकांड से जुड़े अहम किरदारों में उसका नाम सामने आने के बाद जांच एजेंसियां उसकी भूमिका और सोनम से संबंधों को खंगाल रही हैं.
