मोबाइल, पांच लाख और खून से सनी शर्ट… अब खुलेंगे राजा हत्याकांड के वो राज जो अब तक छिपे थे

इंदौर. चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में अब हर दिन एक नया मोड़ सामने आ रहा है. पुलिस जांच अब महज प्रेम–विवाह या पारिवारिक विवाद की सीमाओं से निकलकर एक संभावित साजिश, आर्थिक लेन-देन और षड्यंत्र के दायरे में दाखिल हो चुकी है. मंगलवार को इस केस में सबसे बड़ा खुलासा तब हुआ जब एक नया नाम जांच एजेंसियों के रडार पर आया संजय वर्मा, बाद में पता चला कि यह नाम दरअसल उसी राज कुशवाहा का है, जिसे सोनम का प्रेमी बताया गया है.

दो मोबाइल, खून से सनी शर्ट और पांच लाख नकद से उठे सवाल

घटना के कुछ ही दिन बाद पुलिस को एक जले हुए बैग की जानकारी मिली, जिसमें राजा की पत्नी सोनम का मोबाइल फोन, पांच लाख रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवर और खून से सनी एक शर्ट बरामद हुई. बैग को जानबूझकर जलाने की कोशिश की गई थी, ताकि सबूत न मिलें. जांच में सामने आया कि बैग को ग्वालियर निवासी लोकेंद्र ने आग के हवाले किया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. बैग से बरामद मोबाइल, सिम और अन्य वस्तुएं अब एफएसएल जांच में भेज दी गई हैं.

कॉल डिटेल्स ने खोला नया मोर्चा

सोनम और संजय वर्मा के बीच बीते कुछ महीनों में 200 से अधिक कॉल्स और लगातार चैटिंग हुई थी. इस संदिग्ध नाम की जांच जब गहराई से की गई तो सामने आया कि यह नाम राज कुशवाहा के लिए ही इस्तेमाल हो रहा था. यह नाम जांच को पूरी तरह एक नई दिशा में ले गया, जिससे प्रेम प्रसंग के साथ-साथ पहचान छुपाने, झूठे दस्तावेज और फोन हैकिंग जैसे कई पहलुओं की जांच शुरू की गई है.

हत्या में दो हथियारों के इस्तेमाल की आशंका

क्राईम ब्रांच के सूत्रों ने बताया कि एफएसएल और क्राइम सीन रीक्रिएशन रिपोर्ट के अनुसार, हत्या में केवल एक ही नहीं बल्कि दो अलग-अलग धारदार हथियारों का उपयोग था. पुलिस के पास इनमें से दोनों हथियार है, इससे हत्या को लेकर योजनाबद्ध साजिश की पुष्टि होती है.

तीन आरोपी और हिरासत

इंदौर और ग्वालियर में चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन में पुलिस ने अब तक तीन प्रमुख आरोपियों को हिरासत में लिया है: शिलोम जेम्स (प्रॉपर्टी डीलर), बलवीर अहिरवार (फ्लैट गार्ड), लोकेंद्र तोमर (सोनम का करीबी, जिसने बैग जलाया). वहीं अन्य तीन आरोपियों को भी 14 दिनों के लिए जेल भेजा दिया है.

तंत्र-मंत्र का भी आरोप

राजा के पिता ने इस केस में एक और चौंकाने वाला दावा किया है उन्होंने सोनम पर “तंत्र–मंत्र” के जरिए राजा को मानसिक रूप से नियंत्रित करने का आरोप लगाया है. पुलिस इस दिशा में भी जांच कर रही है कि क्या सोनम ने किसी तांत्रिक या अंधविश्वासी गतिविधि का सहारा लिया था.

अब आगे क्या?

एफएसएल रिपोर्ट, मोबाइल डाटा और बैंक ट्रांजेक्शन की जांच से हत्याकांड की असली मंशा स्पष्ट होगी. कॉल डिटेल्स और चैट से सामने आए सभी नंबरों की ट्रेसिंग शुरू हो चुकी है. बैग में मिले नकदी और जेवर की असली स्रोत की भी पड़ताल की जा रही है.

यह हत्याकांड अब एक साधारण प्रेम प्रसंग से निकलकर एक रहस्यमयी, योजनाबद्ध और बहुपक्षीय साजिश का शक गहराता जा रहा है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, आगामी दिनों में और गिरफ्तारियां और बड़े खुलासे संभव हैं.

Next Post

दाखिला: मान्यता से वंचित 8000 स्कूल असमंजस में संचालकों के साथ पालकों की बढ़ी बेचैनी

Tue Jun 24 , 2025
भोपाल। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा प्रान्त में लागू किए गए संशोधित नियमों की वजह से करीब 8000 प्राइवेट स्कूल मान्यता की सूची से बाहर हो गए हैं। इससे न सिर्फ स्कूल संचालकों की चिंता बढ़ गई है, बल्कि हजारों बच्चों का भविष्य भी अधर में है। प्रान्त भर से परेशान […]

You May Like