
ग्वालियर। माधवराव सिंधिया क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेले गए 5 ओवर के संशोधित मुकाबले में बुंदेलखंड बुल्स ने भोपाल वुल्व्स को 10 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। बारिश के कारण 19 जून को रद्द हुआ यह मुकाबला टूर्नामेंट की दूसरी फाइनलिस्ट टीम तय करने के लिए अहम था। पहले से ही चंबल घड़ियाल्स महिला टीम फाइनल में पहुंच चुकी है। बुंदेलखंड की कप्तान रहीला फिरदौस के टॉस जीतकर गेंदबाज़ी के फैसले को गेंदबाज़ों ने सही साबित किया और भोपाल को 30 रन पर रोक दिया। अनुष्का शर्मा ने 2 ओवर में 9 रन देकर 2 विकेट लिए। जवाब में आयुषी शुक्ला (नाबाद 10) और अनुष्का (नाबाद 18) ने लक्ष्य 3.5 ओवर में ही हासिल कर लिया। अनुष्का को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अब फाइनल 24 जून को चंबल घड़ियाल्स और बुंदेलखंड बुल्स के बीच होगा। वहीं, बुंदेलखंड की पुरुष टीम भी सेमीफाइनल की दौड़ में बनी हुई है और आज चंबल के खिलाफ अहम मुकाबला खेलेगी।
