सीहोर. जब से हाउसिंग बोर्ड कालोनी के समीप ओवर ब्रिज का निर्माण हो रहा है तभी से वहां से गुजरने वाले राहगीरों और कालोनी के रहवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. बारिश ने उनकी दिक्कतें और बढ़ा दी हैं. हाउसिंग बोर्ड कालोनी जाने वाला रास्ता कच्चा व कीचड़ से भरा होने के कारण रोजाना वाहन फिसल रहे हैं और लोग घायल हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार निर्माण कंपनी एप्रोच रोड को पक्का बनाने में लापरवाही बरत रही है जिससे लोगों में आक्रोश का माहौल बना हुआ है.
गौरतलब है कि शहर के मध्य से निकलने वाले पुराने भोपाल- इंदौर हाईवे पर हाउसिंग बोर्ड कालोनी के समीप रेलवे क्रासिंग पर ओवर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है. विगत छह माह से ब्रिज निर्माण के दौरान बरती जा रही लापरवाही ने हाउसिंग बोर्ड कालोनी सहित आसपास की अन्य कालोनियों के सैकड़ों रहवासियों व स्कूल- कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों की फजीहत कर रखी है.
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व तक निर्माण एजेंसी द्वारा वैकल्पिक मार्ग बनाना जरूरी नहीं समझा था. जिसके कारण छोटे- बड़े वाहनों की आवाजाही जारी थी. कच्चे रास्ते की वजह से उड़ती धूल से लोग परेशान थे तो बार- बार जाम के हालातों से भी जूझना पड़ रहा था. इतना ही नहीं निर्माण एजेंसी द्वारा ब्रिज की वास्तविक डिजाईन में भी बदलाव किया गया है. ब्रिज के एक हिस्से की लंबाई कम करने के कारण अंधा मोड़ यानि कर्व बनाया गया है जिससे ब्रिज की लंबाई तो पूरी हो जाएगी, लेकिन लोगों को इससे अधिक परेशानी होगी. कालोनीवासियों ने शहर के जनप्रतिनिधियों से लेकर रेलवे के आला अधिकारियों से भी गुहार लगाई, लेकिन ब्रिज में किया गया बदलाव यथावत ही रहा.
अब वर्तमान में सर्वाधिक दिक्कतों का सामना हाउसिंग बोर्ड कालोनी के वाशिंदों को करना पड़ रहा है. कालोनी के प्रवेश द्वार पर ब्रिज का पिलर निर्माण होने के कारण रास्ता बंद कर दिया गया है. ऐसे में कालोनी जाने वालों को ब्रिज के नीचे अस्थायी ढलान से उतरना पड़ रहा है. निर्माण एजेंसी द्वारा ढलान वाले मार्ग का डामरीकरण अथवा सीसीकरण नहीं किए जाने के कारण बारिश में कालोनी के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
एसडीएम को कालोनीवासियों ने सौंपा आवेदन
कालोनी के सैकड़ों रहवासियों ने एसडीएम को भी आवेदन देकर अपनी व्यथा से अवगत कराया है. आवदेन में कालोनीवासियों ने बताया कि कालोनी जाने वाला मुख्य रास्ता बंद करते हुए आवाजाही के लिए जो रास्ता बनाया है, वह ब्रिज के नीचे से चढ़ाई वाला है एवं कच्चा है. बारिश के चलते कीचड़ हो रहा है और वाहन फिसल रहे हैं. निर्माण एजेंसी को मार्ग पक्का करना चाहिए था. इतना ही नहीं उक्त स्थान पर रोशनी का कोई इंतजाम नहीं होने के कारण रात में निकलने के दौरान हादसे का भय बना रहता है. कालोनीवासियों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर ढलान वाले रास्ते को पक्का करने व रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था करने की मांग की है.
