भोपाल, 20 जून (वार्ता) दक्षिण पश्चिम मानसून इसी सप्ताह मध्यप्रदेश में प्रवेश के साथ अब राज्य के सभी जिलों में पहुंच गया है और इसके प्रभाव से पूरे राज्य में बाछल छाए हुए हैं और बारिश की संभावना है।
मौसम केंद्र के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान भोपाल, रीवा, जबलपुर और सागर संभागों के जिलों में कहीं कहीं, नर्मदापुरम और उज्जैन संभागों के जिलों में कुछ स्थानों पर तथा ग्वालियर, चंबल, शहडोल संभागों में अनेक स्थानों पर वर्षा दर्ज की गयी। शेष संभागों में मौसम सामान्यत: शुष्क रहा। दक्षिण पश्चिमी मानसून ने इस बार तीन चार दिन पहले बुरहानपुर और इससे लगे जिलों से राज्य में प्रवेश किया और अब यह पूरे राज्य में फैल चुका है। मानसून के कारण मौसम में बदलाव के चलते दिन और रात्रि के तापमान में तीन से लेकर पांच डिग्री तक गिरावट दर्ज की गयी है।
इस अवधि में कट्ठीवाड़ा, अलिराजपुर, अटेर, पानसेमल, तिरला, उमरवन, जोबट, ग्वालियर, मुरैना, पीथमपुर, गंधवानी, देपालपुर, उदयगढ़, पेटलावाद, थांदला, गोगावां, सनावद, रावटी, कराहल, शामगढ़, भगवानपुरा, धार, ठीकरी, भाभरा, बड़वाह, नीमच, पोहरी, निवाली, सतवास, ढही, नालछाख् कयामपुर, सैलाना, बदनावर, राजपुर, बड़ौदा, वरला, धरमपुरी, जावरा, कोलारस, डबरा, भितरवार, महेश्वर, रतलाम, कसरावद और अन्य स्थानों पर भी वर्षा दर्ज की गयी।
आगामी 24 घंटों के दौरान भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, दतिया, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, कटनी, जबलपुर, नरिसंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर जिलों में अनेक स्थानों पर और शेष जिलों में कहीं कहीं पर बादल छाए रहने के साथ ही बारिश होगी।
मौसम केंद्र ने अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी और सागर जिलों में भारी वर्षा होने की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
