
जबलपुर। रांझी थाना अंतर्गत शारदा नगर में आठ जून को एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मर्ग जांच में खुलासा हुआ कि दहेज में कार की डिमांड कर ससुराल पक्ष प्रताडि़त करता था जिससे तंग आकर उसने आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने पति, सास, ससुर एवं चाचा ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का प्रकरण दर्ज कर चाचा ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीष कुमार साहू ने बताया कि श्रीमती संध्या रजक 24 वर्ष की शादी 16 जून 23 को शारदा नगर रांझी निवासी राहुल रजक के साथ सामाजिक रीति रिवाज से हुयी थी, विवाह में लगुन में 51 हजार रूपये व शादी में गृहस्थी का सामान माता पिता ने अपनी सामर्थता के अनुसार दिया था। विवाह के कुछ दिनों बाद मायके बोरियाकला लखनादौन से शारदा नगर रांझी आयी, ससुराल में पति राहुल रजक, ससुर राकेश रजक, चाचा ससुर अज्जू रजक एवं अनिल रजक मायके से दहेज में मारूती कार लाने की कहकर लगातार परेशान करते थे, मृतिका के माता पिता के समझाने पर भी नहीं माने, लगातार प्रताडऩा के चलते श्रीमती संध्या रजक ने फांसी लगा ली थी। जांच पर मृतिका के पति राहुल रजक, ससुर राकेश, चाचा ससुर अनिल रजक एवं अज्जू रजक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया।
