
इंदौर. मेघालय में हुए चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की परतें अभी भी खुल रही हैं. हत्या के पीछे की वजहें और भी उलझती जा रही हैं.
पुलिस को यह बात हजम नहीं हो रही कि शादी के कुछ ही दिन बाद पत्नी सोनम ने राजा की हत्या की साजिश रच दी. वहीं पैसों के लिए हत्या की थ्योरी भी कमजोर पड़ती दिख रही है, क्योंकि आरोपियों को महज 50 हजार रुपए दिए जाने की बात सामने आई है. अब मेघालय पुलिस सोनम को पूछताछ के लिए इंदौर ला रही है. इस केस में शक की सुई कुछ और चेहरों की ओर भी घूम रही है, जो अभी सामने नहीं आए हैं. मामले में जादूटोना, हवाला कनेक्शन और परिवार के भीतर विश्वासघात जैसे एंगल भी उभर रहे हैं. वहीं राजा की मां उमा रघुवंशी ने सोनम के पूरे परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि भाई सचिन ने तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधियों की भी आशंका जताई है. पुलिस ने वह हथियार भी बरामद कर लिया है, जिससे राजा के सिर पर वार कर उसकी हत्या की गई थी। सोनम की मानसिक स्थिति की जांच रिपोर्ट भी आ चुकी है, जिसमें कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई है. पुलिस का मानना है कि हत्याकांड में अभी कई अहम कड़ियां जुड़ना बाकी हैं. जांच जारी है.
