
इंदौर. पर्यटन में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत, राष्ट्रीय जन सहयोग एवं बाल विकास संस्थान (एनआईपीसीसीडी) के इंदौर परिसर में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर की अध्यक्षता में मध्य प्रदेश सरकार के पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में चर्चा हुई.
समीक्षा बैठक के बाद, राज्य मंत्री ने इंदौर, उज्जैन, खंडवा (ओंकारेश्वर) और खरगोन (महेश्वर) जिलों में परियोजना से जुड़ी गतिविधियों साइट पर जाकर निरीक्षण किया. इन क्षेत्रीय दौरों में अपराजिता महिला संघ, कार्ड, बाईपास, संगिनी, समर्थ और आईजीएस की परियोजना सहायता संगठन प्रमुखों से बातचीत करना शामिल रहा, जो विभिन्न पर्यटन से जुड़ी भूमिकाओं में कार्यरत महिला लाभार्थियों जैसे ई-रिक्शा संचालक, स्ट्रीट फूड विक्रेता, मेहंदी कलाकार, स्मारिका निर्माता, पर्यटन दुकानों में बिक्री सहायक, स्टोरीटेलर, बोट वूमेन और देखभाल करने वाली महिलाएं शामिल थीं.
लड़कियों से की बात
इन महिलाओं को परियोजना के तहत कौशल विकास और आत्मरक्षा मॉड्यूल के माध्यम से प्रशिक्षित किया गया है और अब वे पर्यटन अर्थव्यवस्था में सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं. इस यात्रा के दौरान सुरक्षा बुनियादी ढांचे की स्थिति, सामुदायिक भागीदारी और दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए अन्य सरकारी विभागों के साथ सामंजस्य स्थापित करने के प्रयासों का भी आकलन किया. महेश्वर में उन्होंने कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद पर्यटक सुविधा केंद्र के तहत काम करने वाली लड़कियों से बातचीत की.
