इंदौर:महेश गार्ड लाइन स्थित एपीटीसी ग्राउंड, जहां 15 अगस्त को शहर का मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित होना है, गुरुवार सुबह तेज बारिश के चलते पानी में डूब गया. सुबह हुई झमाझम बारिश से न केवल मैदान में पानी भर गया बल्कि कार्यक्रम के लिए लगाए गए वीआईपी तंबू का एक हिस्सा भी गिर गया.कार्यक्रम की अंतिम रिहर्सल बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी थी और मंच से लेकर बैठने की व्यवस्था तक लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं.
लेकिन सुबह हुई बारिश ने प्रशासन को एक बार फिर मेहनत करने पर मजबूर कर दिया. सुबह से ही पूरी टीम पानी निकालने, तंबू ठीक करने और मैदान को व्यवस्थित करने में जुट गई है. अधिकारियों का कहना है कि दोपहर तक सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर दी जाएंगी, ताकि शुक्रवार को होने वाला मुख्य समारोह बिना किसी रुकावट के संपन्न हो सके.
