
रतलाम। खेत में बोया सोयाबीन बीज को 6 दिन बीत जाने के बाद भी अंकुरण नहीं हुआ। इस पर किसानों ने बीज देखा तो वह सड़ गया था। इस पर नाराज किसानों ने दुकानदार के पास पहुंचकर नाराजगी जाहिर की। इस दौरान हंगामा भी हुआ और किसानों ने नारेबाजी की।
बुधवार को खराब बीज को लेकर किसानों ने शहर के धानमंडी स्थित संजय ब्रदर्स दुकान पर हंगामा कर दिया। किसानों ने दुकान से कुसुम कंपनील (9560) का सर्टिफाइड बीज खरीदा था। किसानों ने बताया कि 6 दिन बीत गए, लेकिन बीज से एक भी पौधा नहीं उगा। दुकानदार ने कंपनी प्रतिनिधि के आने की बात कही। इस पर किसान नाराज हो गए। किसानों का कहना था, बीज हमने आपसे खरीदा हैं। अब नुकसान की भरपाई भी आप ही करें। इस दौरान किसान नेता राजेश पुरोहित भी मौके पर पहुंचे और किसानों के साथ नारेबाजी की। बताया जा रहा है कि पिपलखुंटा गांव के 50 से ज्यादा किसानों ने यह बीज की बुवाई की हैं।
