इंदौर:महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने इंदौर के सेठी नगर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का दौरा किया. यह दौरा आउटरीच और फील्ड निरीक्षण कार्यक्रम के तहत किया गया, जिसमें उनके साथ राष्ट्रीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल, मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय प्रशासन और आईसीडीएस के हितधारक भी शामिल रहे.
मंत्री ने आंगनवाड़ी में पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी सेवाओं की समीक्षा की तथा लाभार्थियों और कार्यकर्ताओं से संवाद कर जमीनी प्रभाव को जाना. उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र न केवल पोषण केंद्र हैं, बल्कि प्रारंभिक बचपन की देखभाल और विकास के जीवंत केंद्र भी हैं.
सावित्री ठाकुर ने बताया कि पोषण ट्रैकर जैसे डिजिटल उपकरण और बेहतर बुनियादी ढांचा आंगनवाड़ी सेवाओं को अधिक कुशल और उत्तरदायी बना रहे हैं.उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की.
मंत्री ने आंगनवाड़ी को सामाजिक न्याय और कुपोषण मुक्त भारत के निर्माण का महत्वपूर्ण साधन बताया और सेवा वितरण को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई.
