इंदौर:क्राइम ब्रांच ने एमआर 10 ब्रिज के नीचे मेट्रो के पिलर के पास से 11 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ खरगोन जिले के युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी वहां पतंग बनाने का काम करता है. जब्त ड्रग्स की कीमत करीब 1 लाख 10 हजार रुपए बताई गई है. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है.
क्राइम ब्रांच की टीम शनिवार की देर रात संदिग्धों की तलाश कर रही थी. इसी दौरान मेट्रो पिलर के नंबर 409 के पास एक युवक थैली लेकर बैठा दिखाई दिया. पुलिस वाहन देखकर वह घबराने लगा. संदेह होने पर टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा और थैली की तलाशी ली, जिसमें 11 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली. आरोपी की पहचान 25 वर्षीय अनस खान निवासी कसरावद, जिला खरगोन के रूप में हुई है. आरोपी 12वीं तक पढ़ा है और पतंग बनाने का काम करता है. उससे ड्रग्स के स्रोत, सप्लायर और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है. मामले में डीसीपी क्राईम राजेश त्रिपाठी ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ क्राइम ब्रांच की कार्रवाई लगातार की जा रही है. गिरफ्तार आरोपी से ड्रग्स कहां से लाई गई थी और इसके नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इस संबंध में पूछताछ की जा रही है.
