इंदौर: वार्ड क्रमांक 48 के बड़ी ग्वालटोली राम मंदिर चौराहे से ठीक सामने चक्की वाली गली में पिछले कई वर्षों से पानी को लेकर समस्या बनी हुई थी, जहां पानी कम तो आता ही है साथ ही गंदा पानी नलों से लोगों को मिल रहा था. इसके निराकरण के लिए नई लाईन डाली गई और लोगों को नए कनेक्शन दिए गए लेकिन उससे लोगों तक पानी नहीं पहुंच पाया.
इस समस्या को लेकर 25 मई को नवभारत में ख़बर प्रकाशित भी की गई थी और क्षेत्र पार्षद से बात करने पर ज्ञात हुआ था कि अभी चेकिंग चल रही है. वहीं रहवासियों की शिकायत पर आश्वासन मिला कि कुछ और कनेक्श्न हो जाए फिर नई लाईन शुरू करेंगे. इस पर कुछ और नए लोगों ने नए कनेक्शन भी ले डाले लेकिन समस्या जस की तस बनी हुआ है. जिसके चलते यहां के लोग आज भी पानी की किल्लत उठा रहे हैं.
इनका कहना है
क्षेत्र में जिनके पास कनेक्शन नहीं थे उन्होंने भी नए कनेक्शन ले लिए हैं. लेकिन पानी नहीं आया. हम शिकायत करते रहते हैं. आश्वासन देते देते उन्होंने पूरी गर्मी निकाल दी है.
– विवेक जायसवाल
किल्लत और गंदे पानी की शिकायत पर अधिकारियों ने कहां नए कनेक्शन देंगे और परेशानी दूर होगी जिसका बिल देना होगा. कनेक्शन के साढ़े तीन हज़ार रूपए लिए लेकिन पानी नहीं आया, अब बिल देंगे.
– शकुन बोरासी
क्षेत्र बड़ा है और एक मात्र बोरिंग है. लोग उसके सहारे हैं. कई लोग तो पानी की किल्लत के चलते इधर-उधर जा कर पानी लाते है. 311 शिकायत पर भी समस्या ख़त्म नहीं हुई.
– शांति केथवास
