सतना :कोलगवां थाने अंतर्गत खम्हरिया पयसियान क्षेत्र में सप्ताह भर पूर्व नहर किनारे मिले युवक के रक्तरंजित शव के मामले में पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है. पुलिस ने हत्या में शामिल एक आरोपी वीरेंद्र सिंह उर्फ बीरु को बिहार के मधेपुरा जिले के लौआलगान गांव से गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी राजीव उर्फ राजेश सिंह की तलाश जारी है.
11 जून को नहर किनारे पवन कुमार का शव मिला था, जो डीएलएड परीक्षा देने बिहार से सतना आया था. जांच में सामने आया कि पवन के मुख्य आरोपी राजीव की पत्नी से अवैध संबंध थे. पवन दो वर्ष पहले राजीव की पत्नी को भगाकर बंगलुरु ले गया था. इसी रंजिश में राजीव ने अपने दोस्त वीरेंद्र के साथ मिलकर पवन की हत्या की योजना बनाई.
परीक्षा केंद्र से पवन को अगवा कर नहर किनारे ले जाया गया और पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों तक पहुंची। मुख्य आरोपी राजीव की तलाश तेज कर दी गई है.
