इंदौर: कनाड़िया थाना क्षेत्र के संचार नगर में कुछ दिन पहले खड़ी कार में अचानक आग लगने की घटना अब रहस्य नहीं रही. पुलिस ने जांच के बाद खुलासा किया है कि यह हादसा जानबूझकर नहीं, बल्कि लापरवाही के चलते हुआ. एक महिला द्वारा खुले में कचरा जलाने से निकली लपटों ने पास खड़ी कार को चपेट में ले लिया, जिससे वह पूरी तरह जलकर राख हो गई.
पुलिस के मुताबिक, प्रशांत सागर अपार्टमेंट के डी-ब्लॉक में रहने वाली रजनी पाहवा ने अपने फ्लैट के पास खुले में कचरा इकट्ठा कर उसमें आग लगा दी थी. लपटें तेज थीं और हवा के रुख ने उन्हें नजदीक खड़ी कार तक पहुंचा दिया. देखते ही देखते आग ने कार को अपनी चपेट में ले लिया. कार के मालिक गौरव जैन मूल रूप से कालूखेड़ा के रहने वाले हैं. वे अपनी पत्नी और नवजात बच्चों के इलाज के लिए इंदौर आए थे और भाई विशाल जैन के फ्लैट के बाहर कार एमपी 43 सीए 7794 खड़ी की थी.
घटना 1 जून की सुबह की है. आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक दमकल मौके पर पहुंची, कार पूरी तरह खाक हो चुकी थी. घटना के बाद पुलिस ने इसे तकनीकी खराबी या सामान्य हादसे के रूप में देखा, लेकिन बाद में सामने आई एक चश्मदीद महिला के बयान ने सच्चाई उजागर कर दी. उसने देखा था कि किस तरह आग कचरे से फैलकर कार तक पहुंची थी. इसके आधार पर पुलिस ने रजनी पाहवा के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक आगजनी की धारा में केस दर्ज कर लिया है.
