दतिया: भीषण गर्मी और 40 डिग्री तापमान से झुलस रहे दतिया जिले के गोराघाट क्षेत्र में आज तड़के इंद्रदेव की मेहरबानी बरस पड़ी। अचानक छाए बादलों ने पहले हल्की बूँदाबांदी शुरू की, फिर आधे घंटे से अधिक समय तक झमाझम बारिश होती रही। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से लोगों को तपती गर्मी से बड़ी राहत मिली।
सड़क पर चल रहे दोपहिया वाहन चालकों को कई जगह पानी से बचने के लिए रुकना पड़ा, लेकिन बारिश ने समूचे क्षेत्र को ठंडक से सराबोर कर दिया।
क्षेत्र में खड़ी धान व गन्ने की फसलों के लिए यह बारिश अमृत के समान साबित हो रही है। लंबे समय से बादलों की प्रतीक्षा कर रहे किसानों ने राहत की सांस ली है। खेतों में नमी बढ़ने से फसलों की वृद्धि को गति मिलेगी और सिंचाई पर निर्भरता भी कम होगी।इस वर्ष गर्मी और अर्थिंग के कारण लगातार ट्रांसफॉर्मर जलने की घटनाएँ सामने आ रही थीं, जिससे बिजली विभाग के लिए चुनौतियाँ बढ़ गई थीं। मगर अब इस बारिश से तापमान में गिरावट आने से ट्रांसफॉर्मर जलने की घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है। इससे बिजली विभाग को मरम्मत के कार्यों में राहत मिलेगी और उपभोक्ताओं को भी निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलने की संभावना है।
बादलों की गड़गड़ाहट के बीच मौसम सुहाना
बादलों की गरज और बिजली की चमक के बीच जारी बारिश से मौसम खुशनुमा बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में भी रुक-रुक कर बारिश के आसार बने रहेंगे।
