बैतूल में निर्माण कार्यों का सोशल ऑडिट अनिवार्य, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

बैतूल। बैतूल जिले में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने समय सीमा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्यों का अनिवार्य रूप से सोशल ऑडिट कराया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में पेयजल संकट को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने प्रभावित गांवों में स्वीकृत ट्यूबवेल और हैंडपंप कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। नगरीय निकायों में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जल संसाधन विभाग के साथ समन्वय कर एकीकृत जल आपूर्ति योजना तैयार करने पर भी जोर दिया गया।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को संतुष्टिपूर्ण और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही राजस्व प्रकरणों, भू-अर्जन और अवैध कॉलोनियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अवैध कॉलोनियों की सूची रजिस्ट्री कार्यालय में प्रदर्शित करने के लिए कहा गया, ताकि आमजन जागरूक रह सके।

कलेक्टर ने अवैध शराब के विक्रय और परिवहन पर लगातार कार्रवाई जारी रखने तथा राशन वितरण व्यवस्था को सुचारु रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही खाद्यान्न से वंचित न रहे। जिन लोगों के जाति प्रमाण पत्र नहीं बने हैं, उनके लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र की समीक्षा करते हुए संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, साइकिल, गणवेश और पाठ्यपुस्तकों के वितरण को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। छात्रावासों में पोषण मानकों के अनुरूप भोजन व्यवस्था तथा स्मार्ट क्लास और कंप्यूटर लैब को सक्रिय रखने पर भी जोर दिया गया। बैठक में अपर कलेक्टर वंदना जाट सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा से न्याय की उम्मीद खत्म: केजरीवाल

Mon Apr 27 , 2026
नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (वार्ता) आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने न्यायमूर्ति स्वर्णकांता शर्मा की अदालत में चल रहे अपने मामले में पेश नहीं होने और ना कोई दलील रखने का फैसला किया है। श्री केजरीवाल ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए कहा, “न्यायमूर्ति स्वर्णकांता शर्मा […]

You May Like