जबलपुर: नगर निगम द्वारा बारिश के दौरान जर्जर हो चुके भवनों को ध्वस्त करने की कार्यवाही शुरू कर दी है। मंगलवार की सुबह बल्देवबाग चौराहा स्थित जर्जर बिल्डिंग पर बुल्डोजर चला दिया है। जानकारी के अनुसार बल्देवबाग चौक स्थित वर्षों पुरानी अग्रवाल बिल्डिंग का एक हिस्सा जर्जर हो चुका था, जिसको नगर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए ध्वस्त कर दिया।
नगर निगम के अमले ने सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर सुबह से ही बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से को तोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। उल्लेखनीय है कि शहर में जर्जर हो चुके भवनों पर बारिश के दौरान गिरने का खतरा बना हुआ था, जिसको लेकर नवभारत द्वारा 7 जुलाई को प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई थी।
बारिश से गिरने की बनी थी आशंका
जानकारी के अनुसार नगर निगम को लंबे समय से बल्देवबाग चौक स्थित इस बहुमंजिला भवन को लेकर शिकायतें मिल रही थी। जिसमें बताया गया था कि बिल्डिंग का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह से जर्जर हो चुका है और बारिश के दौरान इसके गिरने की आशंका बनी रहती है। बीते कुछ दिनों से बारिश के चलते इसकी स्थिति और भी गंभीर हो गई थी। स्थानीय रहवासियों और राहगीरों की सुरक्षा को देखते हुए नगर निगम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तोड़ने का निर्णय लिया।
