भोपाल, 12 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश के भोपाल जिले के बिलखिरिया थाना क्षेत्र में एक कंटेनर ने मोटरसायकल को टक्कर मारी और बाद में एक जीप से टकराते हुए पलट गया, जिससे एक युवक की मौत हो गई और लगभग आठ लोग घायल हो गए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बुधवार देर रात बिलखिरिया इलाके में कोलुआ गांव के पास एक तेज रफ्तार कंटेनर ने एक मोटरसायकल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मोटरसायकल सवार छावनी पठार क्षेत्र के निवासी मिथुन सिंह (21) की मौत हो गई और उसका मित्र अजय घायल हो गया। मोटरसायकल को टक्कर मारने के बाद कंटेनर अनियंत्रित होकर जीप से टकराते हुए पलट गया, जिससे जीप में सवार बैरसिया क्षेत्र के बवचिया गांव के निवासी एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
विश्वकर्मा

