नयी दिल्ली 17 जून (वार्ता) देश के अधिकांश व्यक्ति अगले पांच वर्ष में अपने वित्तीय लक्ष्यों को हासिल करने के प्रति आश्वस्त है क्योंकि उनका मानना है कि डिजिटल उपकरणों ने उनके वित्तीय लक्ष्यों को प्राप्त करना आसान बना दिया है।
वित्तीय क्षेत्र की कंपनी होम क्रेडिट इंडिया द्वारा आज जारी ‘मैपिंग इंडियाज एस्पिरेशन्स: द ड्रीम्स इन एवरी वॉलेट’ की थीम पर जारी द ग्रेट इंडियन वॉलेट 2025 रिपोर्ट में यह बात की गयी है। यह रिपोर्ट देश के दो-तिहाई हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है और एक लचीले, आशावादी और तेजी से डिजिटल हो रही आबादी की तस्वीर पेश करता है, जो न केवल जीवंत है, बल्कि अपनी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए फल-फूल रहा है।
इस सर्वेक्षण में शामिल लोगों से 73 प्रतिशत लोग 5 साल में वित्तीय लक्ष्यों को प्राप्त करने को लेकर आश्वस्त हैं जबकि 65 प्रतिशत का मानना है कि किफायती क्रेडिट वित्तीय आकांक्षाओं को गति दे रहा है। इसी तरह से 63 प्रतिशत लोगों का मानना है कि डिजिटल उपकरणों ने उनके वित्तीय लक्ष्यों को प्राप्त करना आसान बना दिया है।
रिपोर्ट के अनुसार इस साल 57 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने आय में वृद्धि दर्ज की जबकि 50 प्रतिशत ने बचत की बात कही है जो पिछले वर्ष के 60 प्रतिशत से कम है। इसमें शामिल लोगों में से मात्र 12 प्रतिशत ने माना कि वे अपनी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए उधार लेते हैं। इसमें शामिल 26प्रतिशत जेन जेड ने अपनी आकांक्षाओं को तेजी से प्राप्त करने के लिए बेहतर नौकरी के अवसरों पर अधिक जोर दिया।
