नयी दिल्ली, 17 जून (वार्ता) आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) सीआरएम कंपनी सेल्सफोर्स ने बाथरूम और लाइटिंग सॉल्यूशंस कंपनी जैक्वार ग्रुप के साथ साझेदारी की मंगलवार को घोषणा की जिसका उद्देश्य जैक्वार ग्रुप के डिजिटल बदलाव में तेजी लाना है।
सेल्सफोर्स की दक्षिण एशिया की अध्यक्ष एवं सीईओ अरुंधति भट्टाचार्य और जैक्वार ग्रुप के प्रवर्तक एवं निदेशक राजेश मेहरा ने संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा की। श्रीमती भट्टाचार्य ने कहा कि इस साझेदारी का उद्देश्य एक एआई-पावर्ड प्लेटफॉर्म के ज़रिए ग्राहक से जुड़ा सारा डेटा एक जगह लाने, फील्ड में काम करने वालों की उत्पादकता बढ़ाने तथा सारे कामकाज को आसान व बेहतर बनाना है। इस सहयोग से कंपनी को अपने अलग-अलग कारोबार में ग्राहकों से जुड़ाव को एक साथ लाने, कमाई बढ़ाने, उत्पादकता बेहतर करने और पूरे संचालन को ज्यादा स्मार्ट और असरदार बनाने में मदद मिलेगी और ये सब कुछ एक एआई-पावर्ड और मोबाइल-फर्स्ट प्लेटफॉर्म के ज़रिए होगा।
उन्होंने कहा कि अपने डिजिटल बदलाव के तहत जैक्वार ग्रुप अब सेल्सफोर्स के कई सॉल्यूशंस का इस्तेमाल करेगा, जिससे उसके अलग-अलग कामों की कार्यक्षमता बेहतर हो सके। इसके लिए कंपनी के कंज्यूमर गुड्स क्लाउड का उपयोग शामिल है जिससे बिक्री की प्रक्रिया और तेज़ व असरदार होगी। इसके साथ ही सीपीक्यू और पार्टनर कम्युनिटी क्लाउड का उपयोग भी किया जायेगा जो प्राइसिंग को आसान बनाएंगे और कंपनी के पार्टनरों के साथ तालमेल को मज़बूत करेंगे तथा फील्ड सर्विस जिससे कंपनी की टीम और ठेकेदारों की फील्ड में बेहतर सेवा देने में मदद मिलेगी। यह सब मिलकर जैक्वार ग्रुप को स्मार्ट, तेज़ और ग्राहकों के लिए बेहतर अनुभव देने में मदद करेंगे।
श्री मेहरा ने कहा कि दुनिया के 55 से ज़्यादा देशों में मौजूदगी और 12,000 से भी ज़्यादा कर्मचारियों वाली जैक्वार ग्रुप अब सेल्सफोर्स को अपने ग्राहकों से जुड़े सभी कामों के लिए अपनाने जा रहा है। यह समाधान कंपनी के मुख्य सेक्टरों जैसे बाथ और लाइट डिविज़न में पूरी तरह से इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि सभी ग्राहक सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म से बेहतर तरीके से चलाई जा सकें।
