जावद-नीमच दाबयुक्त सूक्ष्म सिंचाई परियोजना को 4197.58 करोड़ की मंजूरी

नीमच। मध्यप्रदेश मंत्रिपरिषद ने जावद-नीमच दाबयुक्त सूक्ष्म सिंचाई परियोजना की मार्च 2031 तक निरंतरता के लिए 4197.58 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की है। परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद नीमच विधायक एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता दिलीपसिंह परिहार ने भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भेंट कर आभार व्यक्त किया।

विधायक परिहार ने कहा कि परियोजना के माध्यम से क्षेत्र में आधुनिक एवं उन्नत सिंचाई तकनीक को बढ़ावा मिलेगा। दाबयुक्त सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली से पानी के बेहतर उपयोग के साथ सिंचाई क्षमता बढ़ाने और कृषि उत्पादकता में वृद्धि की संभावनाएं हैं।

253 गांवों की 59,700 हेक्टेयर भूमि को लाभ

परिहार के अनुसार परियोजना से नीमच विधानसभा क्षेत्र के 253 गांवों की लगभग 59,700 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा। इससे किसानों को सिंचाई के बेहतर अवसर उपलब्ध होने के साथ कृषि क्षेत्र में उत्पादन और विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसानों की समृद्धि और सर्वांगीण विकास प्राथमिकता है। आधुनिक सूक्ष्म सिंचाई तकनीकों के विस्तार से जल का बेहतर प्रबंधन संभव होगा और उपलब्ध जल संसाधनों का अधिक प्रभावी उपयोग किया जा सकेगा।

विधायक ने परियोजना की निरंतरता के लिए स्वीकृति प्रदान करने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के कृषि विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Next Post

वैन पेड़ से टकराई, एक की मौत, दूसरा घायल:नीमच में गाड़ी बेकाबू होकर पलटी, रामपुरा तहसील में हादसा

Wed Sep 23 , 2026
नीमच। जिले की रामपुरा तहसील में झालावाड़ रोड पर मंगलवार शाम हादसा हो गया। बेसला और बूज के बीच एक तेज रफ्तार वैन अचानक बेकाबू होकर सडक़ किनारे सीधे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन में सवार एक शख्स ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, […]

You May Like