गूगल ने ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिये जारी किया सेफ्टी चार्टर

नयी दिल्ली, 17 जून (वार्ता) गूगल ने अपने उपभोक्ताओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाने के लिये मंगलवार को यहां सेफ्टी चार्टर की शुरुआत की।

गूगल इंडिया की कंट्री मैनेजर प्रीति लोबाना ने यहां सेफर विद गूगल इंडिया समिट में सेफ्टी चार्टर की शुरुआत की घोषणा करते हुए कहा, “ भारत को विकसित बनाने के लिये, हमें इंटरनेट और अपने डिजिटल बुनियादी ढांचे में विश्वास बनाना और उसे बनाये रखना होगा। हमारे कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) सिस्टम लगातार नये खतरों और घोटालों का पता लगाने के लिए विकसित होते रहते हैं।”

उन्होंने कहा कि यह पहल ऑनलाइन धोखाधड़ी से निपटना, साइबर सुरक्षा को मजबूत करना और जिम्मेदार कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विकास को बढ़ावा देना है। गूगल की ये पहल भारत में अपने इकोसिस्टम को और अधिक सुरक्षित करने के लिए की गयी है।

सेफ्टी चार्टर के तीन प्रमुख स्तंभ हैं, जिनमें पहला उपयोगकर्ताओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाना है, दूसरा उद्यम और सरकारी साइबर सुरक्षा को मजबूत करना है और तीसरा प्लेटफॉर्म डिजाइन और परिनियोजन में जिम्मेदार एआई को शामिल करना है। इसी के साथ गूगल ने अपने डिजीकवच के माध्यम से 17.7 करोड़ से ज्यादा भारतीयों को सुरक्षा प्रदान की है, इसके लिए कंपनी ने एआई संचालित सिस्टम का उपयोग किया है।

उन्होंने कहा कि गूगल प्ले प्रोटेक्ट के माध्यम से कंपनी ने लगभग छह करोड़ फ्रॉड ऐप्स को ब्लॉक किया है, इसके अतिरिक्त गूगल प्ले की सहायता से लगभग 4.1 करोड़ स्कैम ट्रांजेक्शन अलर्ट को जारी किया गया है। साल 2024 में ही लगभग 13,000 करोड़ रुपयों की धोखाधड़ी रोकने में सहायता की है। जीमेल पर भी एडवांस्ड एआई सिस्टम का उपयोग करके हर महीने करोड़ों स्पैम ई-मेल को ब्लॉक किया जाता है।

गूगल सिक्योरिटी में इंजीनियरिंग की उपाध्यक्ष हीदर एडकिंस ने कहा,“ एआई बचाव पक्ष की दुविधा को दूर कर रहा है… हमने साइबर अपराधियों द्वारा उनका फायदा उठाने से पहले कमजोरियों का पता लगाने के लिए एआई का उपयोग किया है।”

Next Post

2050 तक देश में वाहनों की संख्या होगी दोगुनी

Tue Jun 17 , 2025
नई दिल्ली, 17 जून (वार्ता) ऊर्जा, पर्यावरण और जल पर काम करने वाली प्रमुख थिंक टैंक काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरनमेंट एंड वाटर (सीईईडब्ल्यू) के नए विश्लेषण में खुलासा हुआ है कि भारत में अगले 25 वर्षों में वाहनों की संख्या दोगुनी से अधिक हो जाएगी। सीईईडब्ल्यू की मंगलवार को जारी […]

You May Like