विशाखापट्टनम में उन्नत कैंसर केयर ब्लॉक की आधारशिला

विशाखापट्टनम 12 जून (वार्ता) आईसीआईसीआई बैंक ने टाटा मेमोरियल सेंटर (टीएमसी) के साथ साझेदारी में गुरूवार को यहां होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (एचबीसीएचआरसी) में उन्नत कैंसर केयर ब्लॉक के निर्माण की आधारशिला रखी। बैंक ने लगभग 3.9 लाख वर्गफुट क्षेत्र में अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीक से युक्त भवन के निर्माण के लिए 550 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी है।
निर्माणाधीन आठ मंज़िला भवन ‘आईसीआईसीआई फाउंडेशन ब्लॉक फॉर चाइल्ड एंड ब्लड कैंसर’ प्रति वर्ष लगभग 3,000 मरीजों का उपचार करेगा। वर्तमान में एचबीसीएचआरसी की क्षमता 6,200 मरीजों की है। यह नया भवन पूर्वी भारत के सबसे बड़े विशेषीकृत कैंसर उपचार केंद्रों में से एक होगा, जिसमें 215 से अधिक बेड होंगे। इसके 2027 तक पूर्ण होने की संभावना है। इस परियोजना का संचालन आईसीआईसीआई बैंक की सीएसआर शाखा, आईसीआईसीआई फाउंडेशन फॉर इनक्लूसिव ग्रोथ द्वारा किया जाएगा।
इस भवन की आधारशिला आईसीआईसीआई बैंक के अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिन्हा ने रखी। इस अवसर पर टाटा मेमेरियल सेंटर मुंबई के निदेशक डॉ. सुदीप गुप्ता भी उपस्थित थे। आईसीआईसीआई फाउंडेशन ने नए ऑडिटोरियम के लिए बुनियादी ढांचे और उपकरणों के साथ टीएमसी को सपोर्ट दिया है।
श्री सिन्हा ने कहा, “ हमें कैंसर देखभाल के लिए टीएमसी के साथ साझेदारी करने पर गर्व है, जो देश में महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की हमारी फिलोस्फी के अनुरूप है। यह परियोजना जरूरतमंद व्यक्तियों के लिए सुलभ और उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा देखभाल को सक्षम करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह प्रोजेक्ट बाल और रक्त कैंसर के लिए पूर्वी गलियारे में सबसे बड़े प्रोजेक्ट में से एक है। इसके जरिये आंध्र प्रदेश और आसपास के पूर्वी राज्यों के रोगियों की सेवा की जाएगी, जिससे कैंसर के इलाज की बढ़ती ज़रूरत को पूरा करने में मदद मिलेगी।”
इस अवसर पर, आईसीआईसीआई बैंक के कार्यकारी निदेशक संदीप बत्रा ने कहा, “आईसीआईसीआई बैंक में, स्वास्थ्य सेवा हमारे सीएसआर प्रयासों का एक प्रमुख हिस्सा है। दो वर्ष पूर्व हमने टीएमसी के साथ साझेदारी कर 1,200 करोड़ रुपये की प्रतिबद्धता के साथ विशाखापट्टनम, नवी मुंबई और न्यू चंडीगढ़ में तीन नए कैंसर ब्लॉक के निर्माण की घोषणा की थी। टीएमसी की नवीनतम आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अब हमने इस प्रतिबद्धता को 1,800 करोड़ तक बढ़ा दिया है। ये ब्लॉक कुल मिलाकर 10.7 लाख वर्गफुट क्षेत्र में फैले होंगे, जिनमें अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और अनुसंधान इकाइयाँ होंगी।”

Next Post

सेम्बकॉर्प को भारत में पहली राउंड-द-क्लॉक परियोजना हासिल

Thu Jun 12 , 2025
सिंगापुर, 12 जून, (वार्ता) सेम्बकॉर्प इंडस्ट्रीज (सेम्बकॉर्प) को उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली अक्षय ऊर्जा सहायक कंपनी सेम्बकॉर्प ग्रीन इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड (एसजीआईपीएल) के माध्यम से सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एसईसीआई) से पहली 50 मेगावाट की राउंड-द-क्लॉक परियोजना का ठेका मिला है। कंपनी ने आज यहां जारी बयान में […]

You May Like