सोनिया, खरगे ने विमान हादसे पर जताया गहरा शोक

नयी दिल्ली, 12 जून (वार्ता) कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

श्रीमती गांधी ने गुरुवार को अपने शोक संदेश में कहा,“अहमदाबाद में हुए दर्दनाक विमान हादसे से मैं बेहद स्तब्ध और व्यथित हूँ। मेरी संवेदनाएं यात्रियों और चालक दल के परिजनों के साथ हैं। जो दृश्य सामने आए हैं, वे बेहद पीड़ादायक हैं। पूरा देश शोक में है और प्रार्थना कर रहा है।”

श्री खरगे ने कहा “गुजरात के अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ, जिसमें कई यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। भयावह दृश्य देखकर दिल दहल जाता है। यात्रियों, पायलट और चालक दल के परिवारों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना और प्रार्थनाएँ।”

श्री गांधी ने कहा,“अहमदाबाद एयर इंडिया दुर्घटना दिल दहला देने वाली है। यात्रियों और चालक दल के परिवारों को जो दर्द है वह अकल्पनीय है। इस अविश्वसनीय रूप से कठिन क्षण में मेरी संवेदनाएं उनमें से प्रत्येक के साथ हैं। प्रशासन द्वारा तत्काल बचाव और राहत प्रयास महत्वपूर्ण हैं – हर जीवन मायने रखता है, हर सेकंड मायने रखता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर मदद करने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए।”

श्रीमती वाड्रा ने कहा,“एअर इंडिया विमान में सवार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।”

कांग्रेस ने भी अपने आधिकारिक ‘एक्स’पेज पर एक पोस्ट में कहा, “अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे की खबर बेहद दुखद है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में कई लोगों की मृत्यु और घायल होने की सूचना है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्माओं को शांति दें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। इस दुख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।”

गौरतलब है कि एयर इंडिया का एक ड्रीमलाइनर बोइंग 787 विमान आज अपराह्न अहमदाबाद से लंदन के लिये उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 230 यात्री, दो पायलट और चालक दल के 10 अन्य सदस्य सवार थे।

Next Post

अहमदाबाद विमान हादसा दिल दहलाने वाला: मोदी

Thu Jun 12 , 2025
नयी दिल्ली,12 जून (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर गहरा दुख जताया है और प्रभावित लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। श्री मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया […]

You May Like